सिर पर कुल्हाड़ी मार कर भाई की नृशंस हत्या, बिरूल बाजार का मामला
By वामन पोटे
Jun 28, 2022
बैतूल, मुलताई।। एक कलयुगी भाई ने अपने ही बड़े भाई की कुल्हाड़ी से नृशंस हत्या कर दी। मामला बैतूल जिले के साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बिरूल बाजार का है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच कर जांच-पड़ताल में जुटी है। हत्या की घटना से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। उधर बोरदेही थाना क्षेत्र में भी बीते दिनों रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति का शव मिला था। इस मामले में भी हत्या का संदेह है। सोमवार को एसपी सिमाला प्रसाद ने यहां मौका मुआयना किया था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार साईंखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम बिरूल बाजार में बुधराम पिता गोविंदा पाटिल (38) की बीती रात में हत्या कर दी गई। कुल्हाड़ी से सिर पर वार कर यह हत्या की गई है। हत्या का आरोप उसी के छोटे भाई कमलेश पाटिल पर है।
मृतक के बारे में बताया जाता है कि वह बिरूल बाजार में बस स्टैंड पर पोहा-जलेबी की दुकान चलाता था। इसी के चलते वह गुड्डू जलेबी के नाम से मशहूर था। हत्या क्यों की गई, इसका अभी खुलासा नहीं हुआ है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची है और जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस की जांच के बाद ही स्थिति पूरी तरह से स्पष्ट होगी।
उधर बोरदेही थाना क्षेत्र के नवेगांव-दीपामांडई गांव के रेल्वे ट्रैक पर एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। मृतक के पास एक मोबाइल मिला था। उसके आधार पर उसकी शिनाख्त चेतू पिता दशरथ (42) के रूप में की गई थी। उपरोक्त घटनास्थल का निरीक्षण सोमवार को पुलिस अधीक्षक सिमाला प्रसाद द्वारा किया गया।
उन्होंने घटना के संबंध में जानकारी प्राप्त की। साथ ही विवेचक को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने मर्ग की स्थिति को जल्द ही स्पष्ट करने के निर्देश दिए। इस दौरान एसडीओपी नम्रता सोंधिया एवं बोरदेही टीआई जयंत मर्सकोले भी उपस्थित रहे।