Madhya Pradesh Latest News

मुलताई में भाजपा के नौ पार्षद जीते छह पर अटकी कांग्रेस

By waman pote

मुलताई में भाजपा के नौ पार्षद जीते छह पर अटकी कांग्रेस
बैतूल।।मुलताई नगरीय निकाय चुनाव में बुधवार परिणाम भाजपा के पक्ष में रहे। भाजपा ने कुल 15 सीट में से नौ पर कब्जा जमाया वहीं कांग्रेस ने छह सीट पर जीत दर्ज की जिससे अब नगर पालिका में भाजपा की सरकार बनना तय हो गया है। सुबह नौ बजे के बाद परिणामों की घोषणा होना प्रारंभ हो गया जिसमें ताप्ती वार्ड में चार राऊंड, भगतसिंह एवं नेहरू वार्ड सहित अंबेडकर वार्ड में तीन राऊंड तथा बाकि वार्डो में दो-दो राऊंड हुए। लगभग 11 बजे सभी राऊंड पूरे होने के बाद निर्वाचन अधिकारी द्वारा प्रत्याशियों की विजय होने की घोषणा कर उन्हें प्रमाण पत्र वितरित किए। भाजपा की नौ सीट आने से प्रत्याशियों सहित समर्थकों ने जीत की खुशी मनाई वहीं कांग्रेस ने भी छह सीट पर उपस्थिति दर्ज करते हुए विवेकानंद वार्ड में भाजपा के गढ़ पर कब्जा जमाया। जीत के उपरांत भाजपा तथा कांग्रेस के प्रत्याशी गाजे बाजे के साथ ताप्ती मंदिर पहुंचे जहां पूजा अर्चना की। इस दौरान विजयी प्रत्याशियों के समर्थकों ने जमकर नारेबाजी भी तथा एक दूसरे को गुलाल लगाया। चुनाव में बड़ी संख्या में निर्दलीय प्रत्याशी भी चुनाव लड़े जिसमें से कोई प्रत्याशी जीता नहीं लेकिन कई वार्डो में निर्दलीय प्रत्याशियों ने समीकरण बिगाड़ने में कोई कसर बाकी नहीं रखी जिससे भाजपा एवं कांग्रेस कहीं न कहीं प्रभावित हुई है।

कौन कितने अंतर से जीताः
ताप्ती वार्ड से कांग्रेस की निर्मला उबनारे भाजपा की सुनीता नागले से 230 मतों से विजयी रहीं। तिलक वार्ड में भाजपा के अजय यादव कांग्रेस की निशा भारती से 474 मतों से विजयी रहे। भगतसिंह वार्ड में भाजपा की वर्षा गढ़ेकर अपनी निकटतम प्रतिद्वंदी कांग्रेस समर्थित रश्मि वराठे से 572 मतों से विजयी रहीं। सुभाष वार्ड में भाजपा प्रत्याशी पंजाब चिकाने निर्दलीय प्रत्याशी संतोष कामड़ी से 154 मतों से विजयी हुए यहां कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही। शास्त्री वार्ड में भाजपा के महेन्द्र पिल्लू जैन कांग्रेस के भिवजी पंवार से 242 मतों से विजयी रहे। गुरूसाहब वार्ड में भाजपा की नीतू प्रह्लाद परमार कांग्रेस की अरूणा मनोज साबले से 158 मतों से विजयी रहीं। महावीर वार्ड में कांग्रेस की वंदना नीतेश साहू भाजपा की प्रष्पलता प्रह्लाद साहू से 286 मतों से विजयी रहीं। विवेकानंद वार्ड में कांग्रेस की अंजली सुमीत शिवहरे भाजपा की प्रीति यवनींद्र जैन से 450 मतों से विजयी रहीं। नेहरू वार्ड में भाजपा के रितेश विर्श्वकर्मा कांग्रेस के संतोष साहू से 142 मतों से विजयी हुए। आजाद वार्ड में कांग्रेस की साजिदा जाकिर खान भाजपा की मीना मोहन साहू से 353 मतों से विजयी रहीं। पटेल वार्ड में कांग्रेस के सुरेश पौनीकर निर्दलीय प्रत्याशी लोकेश फरकाड़े से 61 मतों से विजयी रहे यहां भाजपा तीसरे नंबर पर रही। गांधी वार्ड में शिव माहोरे भाजपा के निलेश चावरिया से 148 मतों से विजयी रहे। अंबेडकर वार्ड में भाजपा की शिल्पा शर्मा निर्दलीय रामकली गीता पंवार से 106 मतों से विजयी रहीं यहां कांग्रेस तीसरे नंबर पर रही। राजीव गांधी वार्ड मे भाजपा की कुसुम मारोती पंवार कांग्रेस की ज्योति बंधु बारंगे से 215 मतों से विजयी रहीं वहीं इंदिरा गांधी वार्ड में भाजपा के जीए बारस्कर कांग्रेस के सरफराज चौहान से मात्र छह मतों से विजयी रहे।
विवेकानंद वार्ड में भाजपा के गढ़ में लगी सेंधः
विवेकानंद वार्ड वर्षों से भाजपा का गढ़ रहा है लेकिन इस बार वहां अप्रत्याशित रूप से कांग्रेस ने सेंध लगाकर भारी मतों से जीत हासिल की है। बताया जा रहा है कि भाजपा ने टिकट वितरण में विवेकानंद वार्ड में चूक कर दी जिससे कांग्रेस को परचम लहराने का मौका मिल गया। हालांकि विवेकानंद वार्ड में भाजपा ने पूरा जोर लगाया तथा बैतूल के भी दिग्गज भाजपा नेताओं की यहां प्रतिष्ठा दांव पर लग गई थी। इसके लिए भाजपा द्वारा तमाम तरह के हथकंडे अपनाने के बावजूद मतदाताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी पर विर्श्वास जताया। इसके अलावा भाजपा प्रत्याशी के सरकारी स्कूल की जमीन पर अतिक्रमण का मुद्दा भी चुनाव में छाया रहा जिससे भाजपा अपने ही गढ़ में लगभग 450 मतों से हारी।
मात्र छह मतों से जीते भाजपा के पूर्व नपाध्यक्षः
भाजपा के पूर्व नपाध्यक्ष डा.जीए बारस्कर को भाजपा ने इंदिरा गांधी वार्ड से प्रत्याशी बनाया जिनकी कड़ी प्रतिस्पर्धा कांग्रेस प्रत्याशी से थी। भाजपा के लिए उक्त वार्ड का चुनाव जीतना प्रतिष्ठा का प्रश्न बन चुका था जहां अंतिम समय में उहापोह की स्थित बनी रही लेकिन डा.जीए बारस्कर ने मात्र छह मतों के अंतर से जीत हासिल की जिससे भाजपा ने राहत की सांस ली। उक्त वार्ड में भाजपा से बागी एक प्रत्याशी सहित छह प्रत्याशी निर्दलीय चुनाव लड़ रहे थे जिसके चलते जीत का अंतर प्रभावित हुआ। हालांकि इस वार्ड में कांग्रेस ने भाजपा को कड़ी टक्कर दी है।
तीन वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों ने दी कड़ी टक्करः
चुनाव में तीन वार्ड में जहां निर्दलीय प्रत्याशियों ने राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों को कड़ी टक्कर दी वहीं कुछ वार्डों में जीत के समीकरण भी प्रभावित किए। हालांकि नगर में कोई भी निर्दलीय प्रत्याशी नहीं जीत पाया इसके बावजूद पटेल वार्ड, अंबेडकर वार्ड तथा सुभाष वार्ड में निर्दलीय प्रत्याशी भाजपा तथा कांग्रेस के प्रत्याशियों से मुख्य प्रतिद्वंदी बने। इधर नेहरू वार्ड, इंदिरा गांधी वार्ड, शास्त्री वार्ड तथा महावीर वार्ड में भी निर्दलीय प्रत्याशियों ने राजनैतिक दलों का समीकरण बिगाड़ने में कोई कसर बाकी नहीं रखी।
भाजपा की वर्षा गढ़ेकर सबसे अधिक तथा डा.बारस्कर सबसे कम मतों से जीतेः
चुनाव में भगतसिंह वार्ड की भाजपा प्रत्याशी वर्षा गढ़ेकर सबसे अधिक 572 मतों से विजयी रहीं वहीं इंदिरा गांधी वार्ड के पार्षद प्रत्याशी डा. जीए बारस्कर सबसे कम मात्र छह मतों से जीते। इधर तिलक वार्ड में भाजपा प्रत्याशी अजय यादव जहां 494 मतों से जीतकर दूसरे स्थान पर रहे वहीं विवेकानंद वार्ड में कांग्रेस की अंजली सुमीत शिवहरे 450 मतों से जीतकर तीसरे नंबर पर रहीं। इधर भाजपा की नौ सीट जीतने से अब भाजपा की सरकार बनने जा रही है
अध्यक्ष के लिए वर्षा तथा उपाध्यक्ष के लिए अजय यादव की चर्चाः
चुनाव के परिणाम आते ही राजनैतिक गलियारों में अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष के नाम की चर्चा जोरों पर हैं। भाजपा की नगर में सरकार बनने तथा अध्यक्ष का पद अनारक्षित महिला होने से सबसे अधिक मतों से विजयी वर्षा गढ़ेकर का नाम सुर्खियों में है वहीं उपाध्यक्ष के लिए अजय यादव का नाम चर्चाओं में है जिन्हें वर्षा गढ़ेकर के बाद सबसे अधिक मत मिले हैं। राजनैतिक जानकारों की माने तो इनके नामों पर कभी भी मोहर लग सकती है।
परिषद में महिलाओं का रहेगा वर्चस्वः
अध्यक्ष पद अनारक्षित महिला होने तथा आठ महिला पार्षद बनने से इस बार नगर पालिका में महिलाओं का वर्चस्व रहेगा । निर्मला उबनारे, वर्षा गढ़ेकर, नीतू परमार, अंजली शिवहरे, वंदना साहू, साजेदा खान, शिल्पा शर्मा, कुसुम पंवार मिलाकर आठ महिला पार्षद हैं जिसमें एक महिला अध्यक्ष पद पर होगी । कुल मिलाकर परिषद में महिलाओं के प्रमुख पद सहित संख्या पुरूष पार्षदों से अधिक होने से परिषद में महिलाओं का दबदबा रहेगा।

Get real time updates directly on you device, subscribe now.