मान सम्मान के दौर से गुजर रही भाजपा? कौन होगा अध्यक्ष आज होगा फैसला ? बैतूल ,मुलताई ,आमला , भैसदेही,बैतूल बाजार ,घोड़ाडोंगरी ,शाहपुर
By वामन पोटे बैतूल वार्ता 9425002492
मान सम्मान के दौर से गुजर रही भाजपा?
कौन होगा अध्यक्ष आज होगा फैसला ?
बैतूल ,मुलताई ,आमला ,
भैसदेही,बैतूल बाजार ,घोड़ाडोंगरी ,शाहपुर
बैतूल ।।भाजपा में बीते एक सप्ताह से उथल पुथल जारी है मान सम्मान के दौर से गुजर रही भाजपा में एक अनार सौ बीमार वाली कहावत चल रही है जिसके चलते राजनीति के चतुर खिलाड़ी भी पसोपेश में रोज जातिगत समीकरण बन और बिगड़ रहे है।हालांकि जिले के सात नगरीय निकायों में से पांच पर भाजपा की नगर सरकार बनना तय हो गया है। रायशुमारी के साथ ही जोड़तोड़ कर भाजपा ने बैतूल, मुलताई और आमला नगर पालिका के साथ ही बैतूलबाजार एवं भैंसदेही नगर परिषद पर अपना कब्जा तय कर दिया है। सोमवार को अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के निर्वाचन की प्रक्रिया संपन्न होगी। इसके पहले सभी निकायों के निर्वाचित पार्षदों से वरिष्ठ भाजपा नेताओं ने अलग-अलग चर्चा कर ली है। देर रात तक पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में रायशुमारी में आए नामों में से अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के लिए एक-एक नाम पर अंतिम मोहर लगा दी जाएगी।
शाहपुर और घोड़ाडोंगरी नगर परिषदों में भाजपा के पास बहुमत नहीं है इस कारण से निर्दलीयों के भरोसे जोड़तोड़ का प्रयास किया जा रहा है। घोड़ाडोंगरी नगर परिषद में कांग्रेस के जीते हुए पार्षदों को अज्ञात स्थान पर भेज दिया गया है। ऐसे में भाजपा के द्वारा उन्हें अपने पक्ष में करना मुश्किल हो रहा है। हालांकि भाजपा भी दावा कर रही है 15 में से सात पार्षद उसके पास मौजूद हैं और एक का बाहर से समर्थन मिल जाएगा। ऐसे में यहां पर भी भाजपा अपना कब्जा करने में सफल हो जाएगी। इधर कांग्रेस भी भाजपा के हाथ से जनपद की तरह नगर परिषद भी छीनने का कोई मौका नहीं छोड़ना चाहती है।
शाहपुर नगर परिषद में निर्दलीयों के साथ ही नगर सरकार बनाई जा सकेगी। इसके लिए भाजपा और कांग्रेस दोनों के द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं। सोमवार को सभी पार्षदों के लौटने केे बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी कि आखिर किसने किसे समर्थन दिया है।
भाजपा से जुड़े सूत्रों की मानें तो संगठन के द्वारा विधानसभा चुनाव को देखते हुए यह प्रयास किया जा रहा है कि सभी समाज का प्रतिनिधित्व संस्थाओं में हो जाए। ऐसे में बैतूल नगर पालिका में कुंबी समाज का अध्यक्ष काबिज होना तय है। यहां पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष पार्वती बारस्कर और कल्पना धोटे में से किसी एक का नाम देर रात तक तय हो जाएगा। यदि पार्टी के द्वारा अनुभव और वरिष्ठता को पैमाना बनाया जाता है तो पार्वती बारस्कर एक बार फिर से नगर सरकार संभालेंगी। यदि संगठन और नव निर्वाचित पार्षदों के द्वारा नए चेहरे को मौका देने का दबाव बनाया जाता है तो पार्टी के द्वारा कल्पना धोटे के नाम पर अंतिम मोहर लगा दी जाएगी।
उपाध्यक्ष के लिए जवाहर वार्ड गंज से चुनाव जीते विकास प्रधान का नाम भी लगभग तय माना जा रहा है। अध्यक्ष-उपाध्यक्ष पद के अन्य दावेदारों को संतुष्ट करने के लिए उन्हें नगर पालिका की समितियों का सभापति बनाने का आश्वासन दिया गया है। इसके अलावा 33 सीटों में मात्र 10 सीटों पर कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव जीते हैं इसलिए कांग्रेस के पास बहुमत नहीं है। फिर भी चर्चा ऐसी है कि कांग्रेस अपना प्रत्याशी दोनों पदों के लिए मैदान में उतार सकती है। इसके अलावा नगर पालिका बैतूल में नेता प्रतिपक्ष का नाम आजाद वार्ड से चुनाव जीते कदीर खान का नाम तय माना जा रहा है। नगर परिषद बैतूलबाजार में कुर्मी समाज के साथ पवार और राठौर समाज में से किसे प्रतिनिधित्व दिया जाए इसे लेकर भाजपा में मंथन चल रहा है। रविवार को दोपहर में भाजपा के पूर्व प्रदेश कोषाध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के द्वारा अज्ञात स्थान पर ले जाए गए सभी 12 पार्षदों से प्रत्यक्ष चर्चा की गई है। देर शाम को पर्यवेक्षक के द्वारा सभी पार्षदों से चर्चा की जाएगी और किसकी ताजपोशी होना है इस पर मोहर लगा दी जाएगी।
आमला में निर्दलीय काशीबाई शेषकर पर भाजपा ने खेला दांव
आमला नगर पालिका अध्यक्ष चुनाव की प्रक्रिया सोमवार सुबह 11 बजे से नगरपालिका में शुरू होगी। पीठासीन अधिकारी संयुक्त कलेक्टर एसपी मंडराह निर्वाचन की प्रक्रिया को संपन्न कराएंगे। नगर पालिका आमला में कांग्रेस और भाजपा के पास आठ-आठ पार्षद हैं। अध्यक्ष पद एससी वर्ग मुक्त के लिए आरक्षित है। भाजपा के पास एससी वर्ग का एक भी पार्षद नहीं है और कांग्रेस के पास इस वर्ग से चार पार्षद निर्वाचित हुए हैं। नपा अध्यक्ष चुनाव के लिए भाजपा एससी वर्ग की निर्दलीय पार्षद काशी बाई शेषकर पर दांव खेल रही है। कांग्रेस से वार्ड नंबर 13 से निर्वाचित हुए एससी वर्ग के पार्षद अमित हुरमाड़े और वार्ड 15 से पार्षद नितिन गाडरे नपा अध्यक्ष पद के प्रबल दावेदार हैं। दो निर्दलीय पार्षदों को भी भाजपा अपने साथ होने का दावा कर रही है जिससे नगर पालिका आमला में अध्यक्ष बनाने के लिए बहुमत है।
मुलताई में भाजपा से वर्षा गढ़ेकर का नाम तय
नगर पालिका मुलताई में अध्यक्ष का पद सामान्य महिला वर्ग के लिए आरक्षित है। भाजपा की ओर से वर्षा गढ़ेकर का नाम तय कर दिया गया है जबकि कांग्रेस वंदना साहू या अंजली शिवहरे को मैदान में उतार सकती है। नगर पालिका के 15 वार्ड में से नौ वार्ड में भाजपा चुनाव जीती है और छह वार्ड में कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव जीते हैं।