मुलताई नपा अध्यक्ष पति सफाई कर्मचारियों से बोले …जितना पूछता हूं उतना ही जवाब दे ..ज्यादा होशियार बनने की जरूरत नहीं
By Betul Varta
मुलताई नपा अध्यक्ष पति सफाई कर्मचारियों से बोले …जितना पूछता हूं उतना ही जवाब दे ..ज्यादा होशियार बनने की जरूरत नहीं
By वामन पोटे बैतूल वार्ता
On Sep 4, 2022
बैतूल। मुलताई नगरपालिका अध्यक्ष पति का नगरपालिका के कर्मचारियों को धमकाते हुए वीडियो वायरल हुआ है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद राजनीति गरमा गई है। वीडियो में अध्यक्ष पति कर्मचारियों को धमकी भरे लहजे में बात कह रहे है। वीडियो वायरल होने के बाद नगरपालिका के अधिकारियों ने अध्यक्ष पति के रवैये को गलत बताया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है जिसमें मुलताई नगरपालिका हाल है जिसमें नगरपालिका अध्यक्ष नीतू परमार, अध्यक्ष पति प्रहलाद सिंह परमार, उपाध्यक्ष शिव कुमार माहोरे, प्रभारी सीएमओ जीआर देशमुख सहित कुछ पार्षद और कर्मचारी बैठे हुए है। बैठक में कर्मचारियों के साथ सफाई को लेकर चर्चा की जा रही है। इस बीच नपा अध्यक्ष पति प्रहलाद परमार सफाई कर्मचारियों को धमकाते हुए कह रहे है कि मैं जितना पूछ रहा हूं उतना ही जवाब दो। ज्यादा होशियार बनने की जरूरत नहीं है। मुझे पता है कि कितने सफाई कर्मचारी है। 6-6 महीने तक वार्डो और शहर में सफाई नहीं हो पाती है। अध्यक्ष पति के धमकाए जाने को लेकर मुलताई नगरपालिका के सफाई कर्मचारियों में भी नाराजगी है। उल्लेखनीय है कि नगरपालिका अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के चुनाव हुए और शपथग्रहण समारोह हुआ। एक महीना भी नहीं बीता है। एक महीने के भीतर ही नगरपालिका अध्यक्ष पति की दबंगई सामने आ गई है।
मीटिंग में नहीं बैठ सकते अध्यक्ष पति
नगरपालिका के सभा हाल में बैठकर कर्मचारियों को धमकाना तो दूर अध्यक्ष पति मीटिंग में भी नहीं बैठ सकते। नियमों के मुताबिक नगरपालिका द्वारा आहूत की गई बैठक में वही लोग शामिल हो सकते है जिन्हें बैठक में बुलाया गया है। जिसमें अध्यक्ष, उपाध्यक्ष से लेकर नगरपालिका के अधिकारी, कर्मचारी शामिल है। नगरपालिका का जो वीडियो वायरल हुआ है जिसमें बैठक में नपा अध्यक्ष पति बैठे हुए है और वे सभी के सामने सफाई कर्मचारियों को धमकाते हुए दिखाई दे रहे है। नगरपालिका के अधिकारियों ने ाी अध्यक्ष पति के मीटिंग में मौजूद होना गलत ठहराया है और कहा कि इस तरह से कर्मचारियों को धमकाया नहीं जा सकता।
इनका कहना
सफाई कर्मचारियों से सफाई के संबंध में चर्चा हुई है। कोई अधिकृत मीटिंग नहीं थी। मैंने किसी भी कर्मचारियों को नहीं धमकाया है। सोशल मीडिया पर क्या वीडियो वायरल हुआ है इसकी मुझे जानकारी नहीं है।
प्रहलाद परमार, नपाध्यक्ष पति, मुलताई
जिस समय सफाई कर्मचारियों की बैठक ली गई उस समय बैठक में मैं मौजूद था। सफाई कर्मचारियों के साथ जिस लहजे में नपाध्यक्ष पति ने बात की वह सही नहीं है। नियम के मुताबिक नपाध्यक्ष पति बैठक में शामिल नहीं हो सकते। कर्मचारियों को धमकाने और बैठक में नपा अध्यक्ष पति के शामिल होने की जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दे दी है।
जीआर देशमुख, प्रभारी सीएमओ, नपा मुलताई