9000 सैलरी वाले समिति प्रबंधक के घर 10 लाख कैश मिले
:मंडला-निवाड़ी में 3 ठिकानों पर EOW की रेड; 2 मैनेजर की पत्नियों पर भी केस
मंडला/निवाड़ी/जबलपुर
आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) जबलपुर और सागर की टीम ने निवाड़ी और मंडला जिले में छापे मारे हैं। आज सुबह निवाड़ी में जल संसाधन विभाग के रिटायर्ड टाइम कीपर और मंडला जिले में 2 सोसाइटी मैनेजर के ठिकानों पर छापे पड़े। दोनों मैनेजर भाई हैं। एक भाई के पास आय से 1100% अधिक खर्च और संपत्ति मिली है। 10 लाख रुपए कैश मिले हैं। इसकी मंथली सैलरी लगभग 9 हजार रुपए है।
टीम ऐसे समय पहुंची, जब सभी अपने घरों में सो रहे थे। दरवाजे पर टीम को देखते ही सिट्टी-पिट्टी गुम हो गई। अब तक की जांच में तीनों के पास आय से अधिक संपत्ति पाई गई है। सर्च जारी है। रिटायर्ड टाइम कीपर, उसके बेटे के खिलाफ केस किया गया है। मंडला में दोनों मैनेजर भाइयों के साथ उनकी पत्नियों पर भी केस किया गया है।
मंडला में मैनेजर भाइयों के ठिकानों पर कार्रवाई…
EOW जबलपुर की टीम मंडला जिले के नैनपुर में दो भाइयों गणेश जायसवाल और राजू जायसवाल के मकान, गोदाम और दुकानों में सर्च कर रही है। दोनों सोसाइटी मैनेजर हैं। EOW SP जबलपुर देवेंद्र राजपूत ने बताया कि नैनपुर के रहने वाले गणेश और राजू के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति जमा करने की शिकायत आई थी। राजू जायसवाल के पास अब तक आय से लगभग 1100% ज्यादा प्रॉपर्टी मिली है। राजू और उसकी पत्नी संगीता के खिलाफ केस किया गया है।
राजू जायसवाल के पास अब तक इतनी प्रॉपर्टी की जानकारी मिली
10 लाख रुपए कैश।
इटका, नैनपुर, मंडला में दुकान और 5000 स्क्वायर फीट का गोदाम।
चाकोरपुर पुरानी बस्ती में 1000 स्क्वायर फीट में बना मकान।
मंडला-नैनपुर हाईवे पर दुकान और 3982 स्क्वायर फीट का गोदाम।
अलग-अलग जगह 1500, 437, 1940, 4950, 4950, 2050 के प्लॉट।
3 पिकअप वाहन, स्कूटर और बाइक।
राजू जायसवाल के घर से 10 लाख रुपए कैश मिला है। उसकी मंथली सैलरी 9 हजार रुपए है। EOW की टीम को उसके घर से प्रॉपर्टी के दस्तावेज भी मिले हैं।
राजू जायसवाल के घर EOW की टीम सुबह पहुंची। टीम को देखते ही राजू अवाक रह गए। सर्च जारी है।
गणेश जायसवाल ने आय से 600% अधिक की संपत्ति बनाई
मंडला जिले के ही नैनपुर में समिति प्रबंधक गणेश जायसवाल का रेलवे स्टेशन कॉलोनी के पीछे मकान और इटका स्थित दुकान में सर्च की जा रही है। अब तक आय से 600% अधिक संपत्ति मिली है। गणेश और उनकी पत्नी अनीता पर केस दर्ज किया गया है। गणेश जायसवाल समिति प्रबंधक राजू जायसवाल के भाई हैं
अब तक की कार्रवाई में ये मिला
इटका में 1830 स्क्वायर फीट में मकान और दुकान।
बड़ी खेरमाई के पीछे दुकान, मकान और 2260 स्क्वायर फीट का गोदाम।
रेलवे स्टेशन कॉलोनी के पीछे 2798 स्क्वायर फीट में 2 मंजिल मकान।
नया पिकअप वाहन, कार, स्कूटर और बाइक
निवाड़ी में बाप-बेटे के खिलाफ केस दर्ज
आय से अधिक संपत्ति की शिकायत पर निवाड़ी जिले के रिटायर्ड टाइम कीपर (जल संसाधन विभाग) कैलाश मिश्रा के यहां भी EOW ने रेड की। सुबह कैलाश मिश्रा के दो ठिकानों पर छापे पड़े। सागर और जबलपुर EOW की टीम ने पृथ्वीपुर और दिग्वार कला में यह कार्रवाई की। कैलाश चंद्र मिश्रा के पास आय से 110% की अधिक संपत्ति मिली है। टाइम कीपर और उसके बेटे नरेंद्र मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। टाइम कीपर के ग्राम दिगावर खुर्द स्थित आवास और पृथ्वीपुर स्थित आवास में सर्च जारी है
अब तक की कार्रवाई में ये मिला…
मकान, नेहरू वार्ड, पृथ्वीपुरा-सिमरा जेरो मुख्य मार्ग।
अलग-अलग जगह 1.16 एकड़, 1 एकड़, 2.3 एकड़ खेती की जमीन।
जेसीबी, एसयूवी कार, फॉर्च्यूनर कार, बुलेट समेत 3 बाइक।