Madhya Pradesh Latest News

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश,सृजन संवाद में विद्यार्थियों को साइबर और सड़क सुरक्षा का पाठ,बैतूल में आज से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान,पर्यटन क्विज में 700 विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा

By, वामन पोटे

शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश,सृजन संवाद में विद्यार्थियों को साइबर और सड़क सुरक्षा का पाठ,बैतूल में आज से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान,पर्यटन क्विज में 700 विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा

1. बैतूल में आज से शुरू होगा मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान
बैतूल, 7 अगस्त । मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026 के तहत बैतूल जिले में शुक्रवार से विशेष समाधान शिविर शुरू होंगे। पहला शिविर मुलताई विकासखंड के दुनावा क्लस्टर में आयोजित होगा, जहां 11 ग्राम पंचायतों के नागरिकों को विभिन्न विभागों की सेवाएं और योजनाओं का लाभ मिलेगा। अभियान 8 जनवरी 2027 तक प्रत्येक शुक्रवार चलेगा। अधिकारियों द्वारा शिकायतों का मौके पर निराकरण और लंबित मामलों के लिए समय-सीमा तय की जाएगी।
2. सृजन संवाद में विद्यार्थियों को साइबर और सड़क सुरक्षा का पाठ
बैतूल, 7 अगस्त । शासकीय सांदीपनि कृषि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बैतूल बाजार में शिक्षा एवं पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सृजन संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन सहित अधिकारियों ने विद्यार्थियों को साइबर सुरक्षा, यातायात नियम, महिला सुरक्षा, बाल विवाह प्रतिषेध कानून और करियर मार्गदर्शन की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों को थाना भ्रमण और डायल-112 की कार्यप्रणाली भी दिखाई गई।
3. शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने पर कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश
बैतूल, 7 अगस्त । कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में शैक्षणिक गुणवत्ता सुधार, शिक्षक प्रशिक्षण और विद्यालयों की आधारभूत सुविधाएं मजबूत करने के निर्देश दिए। जेईई-नीट में कम उपस्थिति और लापरवाही पर भीमपुर बीईओ को नोटिस जारी कर वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले ब्लॉकों को सम्मानित करने की भी घोषणा की गई।
4. प्रस्फुटन शक्ति संचय प्रशिक्षण में नशामुक्ति पर जोर
बैतूल, 7 अगस्त । मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के तत्वावधान में भारत भारती आवासीय विद्यालय में प्रस्फुटन शक्ति संचय कार्यक्रम के अंतर्गत विकासखंड स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि बुधपाल ने युवाओं से नशे से दूर रहकर समाज निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। अधिकारियों ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और परिषद के अभियानों की जानकारी देते हुए ग्राम स्तर पर सक्रिय भागीदारी पर बल दिया।
5. पर्यटन क्विज में 700 विद्यार्थी दिखाएंगे प्रतिभा
बैतूल, 7 अगस्त । जिला स्तरीय मध्यप्रदेश पर्यटन क्विज प्रतियोगिता शुक्रवार को लिटिल फ्लावर हायर सेकेंडरी स्कूल, सदर में आयोजित होगी। जिला शिक्षा अधिकारी के अनुसार प्रतियोगिता में जिले के करीब 700 विद्यार्थियों के भाग लेने की संभावना है। प्रतियोगिता का उद्देश्य विद्यार्थियों में मध्यप्रदेश के पर्यटन, इतिहास और सांस्कृतिक धरोहर के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
6. बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए आज शिविर
बैतूल, 7 अगस्त । मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड के संपर्क अभियान के तहत शुक्रवार को गेंदा चौक स्थित मुखिया देव मंदिर परिसर में शिविर आयोजित होगा। शिविर में पटेल वार्ड, भगत सिंह वार्ड और शास्त्री वार्ड के उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों का त्वरित निराकरण किया जाएगा। कंपनी ने संबंधित उपभोक्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
7. किशोर स्वास्थ्य केंद्रों में परामर्श सेवाएं बढ़ाने के निर्देश
बैतूल, 7 अगस्त । राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम की समीक्षा में जिला प्रभारी योगेंद्र कुमार ने जिले के पांच उमंग स्वास्थ्य केंद्रों के परामर्शदाताओं को लक्ष्य के अनुरूप कार्य, फॉलोअप और जागरूकता गतिविधियां बढ़ाने के निर्देश दिए। बैतूल, मुलताई, भीमपुर, शाहपुर और घोड़ाडोंगरी स्थित केंद्रों में 10 से 19 वर्ष के किशोर-किशोरियों को मानसिक स्वास्थ्य, पोषण, नशामुक्ति, एनीमिया, प्रजनन स्वास्थ्य और अन्य विषयों पर परामर्श दिया जा रहा है।
8. 2027 की जनगणना में ओबीसी गणना की मांग
बैतूल, 7 अगस्त । राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग मोर्चा सहित चार संगठनों ने सांसद प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपकर 2027 की जनगणना में ओबीसी समेत सभी जातियों की गणना कराने की मांग की। संगठनों ने संसद में यह मुद्दा उठाने का आग्रह करते हुए जनगणना प्रपत्रों में अलग कॉलम जोड़ने, डिजिटल पोर्टल में संशोधन तथा आधिकारिक आंकड़े सार्वजनिक करने की मांग की।
9. अंबेडकर पार्क के सौंदर्यीकरण की मांग
बैतूल, 7 अगस्त । युवा मैत्रेय समिति आमला ने नगर परिषद को आवेदन देकर अंबेडकर पार्क स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा परिसर की नियमित साफ-सफाई, निर्माण सामग्री हटाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था की मांग की। समिति ने कहा कि पार्क की वर्तमान स्थिति से नागरिकों को असुविधा हो रही है और शीघ्र सुधार आवश्यक है।
10. एक वर्ष में मामलों के निपटारे की वकालत
बैतूल, 7 अगस्त । अधिवक्ता भारत सेन ने अपील, पुनरीक्षण और विशेष अनुमति याचिका सहित प्रशासनिक एवं न्यायिक मामलों का निपटारा एक वर्ष के भीतर करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि समयबद्ध न्याय से पारदर्शिता बढ़ेगी, नागरिकों का भरोसा मजबूत होगा और लंबित मामलों का बोझ कम करने में मदद मिलेगी।
11. हर बाउंस चेक बनेगा अलग अपराध
बैतूल, 7 अगस्त । अधिवक्ता भारत सेन ने बताया कि एक ही लेनदेन के तहत जारी कई चेक बाउंस होने पर प्रत्येक चेक अलग अपराध माना जाएगा। प्रत्येक चेक के लिए अलग वैधानिक नोटिस और स्वतंत्र शिकायत आवश्यक होगी। उन्होंने कहा कि यह व्यवस्था बैंकिंग प्रणाली में विश्वास बनाए रखने के उद्देश्य से लागू है।
12. अजाक्स ने शुरू किया करियर गाइडेंस अभियान
बैतूल, 7 अगस्त । अजाक्स संघ जिला बैतूल ने ग्राम छुरी से “अजाक्स चला शिक्षा की ओर” अभियान शुरू किया। विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने विद्यार्थियों को प्रतियोगी परीक्षाओं, छात्रवृत्ति और करियर चयन संबंधी जानकारी दी। अभियान के तहत ग्रामीण क्षेत्रों में विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया जाएगा।
13. शिक्षक की बर्खास्तगी की मांग
बैतूल, 7 अगस्त । बिसनूर निवासी किशोरी नरवरे ने कलेक्टर को आवेदन देकर आठनेर के एक शिक्षक को निलंबित कर सेवा से बर्खास्त करने की मांग की। आवेदन में न्यायालय से एक वर्ष की सजा मिलने का उल्लेख करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है। कार्रवाई नहीं होने पर कलेक्ट्रेट के सामने धरने की चेतावनी भी दी गई।
14. गौ तस्करी के खिलाफ राष्ट्रीय हिन्दू सेना का प्रदर्शन
बैतूल, 7 अगस्त । राष्ट्रीय हिन्दू सेना ने बीजादेही गौ तस्करी प्रकरण को लेकर शिवाजी चौक पर प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री और डीजीपी के नाम ज्ञापन सौंपा। संगठन ने आरोपियों की गिरफ्तारी, तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को राजसात करने और पूरे नेटवर्क का खुलासा कर कठोर कार्रवाई की मांग की।
15. किसानों को मिलेगी फसल बीमा राशि
बैतूल, 7 अगस्त । उपभोक्ता आयोग बैतूल ने बैंक की लापरवाही के कारण बीमा से वंचित किसानों के पक्ष में फैसला सुनाया है। आयोग के आदेश के बाद चांदबेहड़ा, निरगुड, कान्हाखापा और जीन गांव के किसानों को फसल बीमा राशि, छह प्रतिशत ब्याज तथा वाद व्यय का भुगतान संबंधित बैंकों द्वारा किया जाएगा।
16. अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध
बैतूल, 7 अगस्त । आजाद समाज पार्टी ने डॉन बॉस्को स्कूल के पास गुमठियों पर हुई अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध किया। पार्टी ने आरोप लगाया कि वर्षाकाल संबंधी शासन के निर्देशों की अनदेखी कर गरीब दुकानदारों को पर्याप्त समय दिए बिना कार्रवाई की गई। मामले की जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
17. बैतूल के दो तैराक नेशनल प्रतियोगिता के लिए चयनित
बैतूल, 7 अगस्त । नीमच में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के बाद महिमा यादव और रुद्रांश शुक्ला का चयन 13 से 15 अगस्त तक पुणे में होने वाली राष्ट्रीय तैराकी प्रतियोगिता के लिए हुआ है। दोनों खिलाड़ी बैतूल का प्रतिनिधित्व करेंगे। खिलाड़ियों की सफलता पर जिले के खेल जगत में उत्साह है।
18. कौड़िया हाईस्कूल में साइकिल वितरण
बैतूल, 7 अगस्त । शासकीय हाईस्कूल कौड़िया में पात्र विद्यार्थियों को निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों ने कहा कि योजना से दूरस्थ क्षेत्रों के छात्र-छात्राओं को विद्यालय आने-जाने में सुविधा मिलेगी और पढ़ाई नियमित रूप से जारी रखने में मदद मिलेगी।
19. अधूरी नाली पर बंद हुई सीएम हेल्पलाइन शिकायत
बैतूल, 7 अगस्त । विनोबा वार्ड में दो वर्ष से अधूरे नाली निर्माण को लेकर दर्ज सीएम हेल्पलाइन शिकायत को मांग बताकर बंद किए जाने पर क्षेत्रवासियों ने नाराजगी जताई है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मौके पर निर्माण अधूरा है, फिर भी कागजी रिपोर्ट के आधार पर शिकायत का निराकरण कर दिया गया।
20. कांटेक्ट फार्मिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी का आरोप
बैतूल, 7 अगस्त । जिले के 120 से अधिक निवेशकों ने कांटेक्ट फार्मिंग के नाम पर करीब छह करोड़ रुपये की कथित धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए एसपी से शिकायत की है। पीड़ितों का कहना है कि आठ प्रतिशत मासिक लाभ का लालच दिया गया और बाद में भुगतान बंद होने के साथ चेक भी बाउंस हो गए।
21. 11 अगस्त को निकलेगी सरदार विष्णुसिंह गोंड महारैली
बैतूल, 7 अगस्त । जयस सरकार के तत्वावधान में 11 अगस्त को सरदार विष्णुसिंह गोंड प्रतिमा स्थापना दिवस पर सांस्कृतिक महारैली निकाली जाएगी। आयोजकों ने हथियार, नशा, आपत्तिजनक नारे और अश्लील गीतों पर रोक लगाते हुए महिलाओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और अनुशासन बनाए रखने के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
22. आयुष अधिकारियों को ए-एचएमआईएस पोर्टल का प्रशिक्षण
बैतूल, 7 अगस्त । जिला आयुष विभाग ने ए-एचएमआईएस पोर्टल के विभिन्न मॉड्यूल पर ऑनलाइन प्रशिक्षण आयोजित किया। मास्टर ट्रेनरों ने चिकित्सा अधिकारियों और पैरामेडिकल स्टाफ को पोर्टल संचालन की जानकारी दी। प्रशिक्षण का उद्देश्य आयुष सेवाओं को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाना है।
23. आज रवाना होगी ताप्ती सर्वमंगल कावड़ यात्रा
बैतूल, 7 अगस्त । श्रावण मास के अवसर पर मां ताप्ती सर्वमंगल कावड़ यात्रा शुक्रवार से मुलताई से शुरू होगी। चार दिवसीय यात्रा 10 अगस्त को सालबर्डी में भगवान शिव के जलाभिषेक के साथ संपन्न होगी। आयोजकों ने अधिक से अधिक श्रद्धालुओं से यात्रा में शामिल होने की अपील की है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.