Madhya Pradesh Latest News

नवरात्रि के पहले दिन सुबह 9 बजकर 9 मिनट पर जारी हुई 144 प्रत्याशियों की सूची ,  65 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 वर्ष से कम है

By, बैतूल वार्ता

कांग्रेस का योग या संयोग: नवरात्रि के पहले दिन सुबह 9 बजकर 9 मिनट पर जारी हुई 144 प्रत्याशियों की सूची ,  65 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 वर्ष से कम है
बैतूल।।

मध्यप्रदेश में बेहद मजबूती और हर छोटी बड़ी सावधानियों को ध्यान में रखकर चुनावी मैदान में उतर रही कांग्रेस ने आज शक्ति स्वरूपा मां दुर्गा की अराधना पर्व की शुरुआत के साथ अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारकर अपराजेय इच्छाशक्ति का परिचय दिया है।
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी ने नवरात्रि के पहले दिन 9 बजकर 9 मिनट पर 144 (मूलांक 9) उम्मीदवारों की पहली सूची जारी करके गृह, नक्षत्र, चौघड़िया, अंक ज्योतिष और फलित ज्योतिष के शुभाशुभ योग में अपने चुनाव अभियान की शुरुआत की है।

वैदिक पंचांग के अनुसार आज जिस शुभ योग में कांग्रेस ने चुनावी रणभूमि में अपने प्रत्याशी उतारे हैं, उससे बीजेपी या अन्य विपक्षियों पर कांग्रेस ने आज ही मनोवैज्ञानिक और आध्यात्मिक बढ़त हासिल करने की है। कांग्रेस का मानना है सरकार बनाने का प्रबल योग संयोग आज के गृहों की दशा और गोचर से कई गुना बढ़ जाता है।

बीजेपी ने जब श्राद्धपक्ष में अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की थी, तभी से कांग्रेस बीजेपी पर नास्तिक होने और अशुभ योग में चुनाव मैदान में उतरने के आरोप लगाती रही है। कांग्रेस का दावा है कि आज की सूची के 144 नामों में से ही कांग्रेस लगभग 126 सीटों पर जीत हासिल करेगी। कांग्रेस इस चुनाव में 171 से अधिक सीटें जीतने की रणनीति के तहत काम कर रही है। कांग्रेस को इस चुनाव में कितनी सीटें मिलेंगी यह फैसला तो 3 दिसंबर के दिन होने वाली मतगणना के साथ ही होगा।

कांग्रेस की पहली सूची साबित होगी कमलनाथ का मास्टर स्ट्रोक, ज्यादातर वरिष्ठ नेताओं को मिला मौका, जानें कितने  पिछड़ा वर्ग , SC-ST प्रत्याशी को मिला टिकट ?

बैतूल . मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशियों की सूची की प्रतीक्षा लंबे समय से की जा रही थी। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने पहले ही संकेत दिए थे कि कांग्रेस पार्टी की सूची श्राद्ध पक्ष के बाद आएगी। आज शारदीय नवरात्रि के पहले दिन सुबह-सुबह 9 बजकर 9 मिनट पर कांग्रेस पार्टी ने अपनी सूची जारी कर सबको चौंका दिया।

सूची को गौर से देखें तो प्रदेश अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ रहे हैं। नेता प्रतिपक्ष डॉ गोविंद सिंह लहार से पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया चुरहट से चुनाव मैदान में हैं। पार्टी ने बिना कोई संकोच किए पहले ही सूची में प्रदेश के प्रमुख नेताओं को टिकट दे दिए हैं। इनमें बाला बच्चन जीतू पटवारी, कमलेश्वर पटेल, तरुण भनोट, जयवर्धन सिंह, विक्रांत भूरिया आदि सभी के नाम शामिल हैं।

कांग्रेस के 144 घोषित प्रत्याशियों में से ओबीसी वर्ग के 39 प्रत्याशी, अनुसूचित जाति के 22 प्रत्याशी और आदिवासी वर्ग के 30 प्रत्याशी शामिल हैं। अल्पसंख्यक वर्ग के 6 प्रत्याशी शामिल हैं। पार्टी ने 19 महिलाओं को टिकट दिया है। 144 में से 65 प्रत्याशी ऐसे हैं जिनकी उम्र 50 वर्ष से कम है।
कांग्रेस ने पहले ही सूची में नवरात्रि के शुभ दिनों में मुख्यमंत्री फेस कमलनाथ और पिछली सरकार में मंत्री रहे नेताओं के टिकट जारी कर स्पष्ट कर दिया कि पार्टी आक्रामक मुद्रा में है। कमलनाथ छिंदवाड़ा से चुनाव लड़ रहे हैं। लगातार चर्चा थी की कमलनाथ विधानसभा का चुनाव नहीं लड़ेंगे। जबलपुर से पूर्व मंत्री तरुण भनोट भाजपा सांसद और पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह के सामने मैदान में उतारे गए हैं।

पहली सूची को गौर से देखें तो कांग्रेस पार्टी ने अपने ज्यादातर विधायकों पर भरोसा जताया है और उन्हें फिर से टिकट दिया है। प्रत्याशी सूची से स्पष्ट है कि कांग्रेस पार्टी ने सर्वे आधार पर ही 144 प्रत्याशियों को टिकट दिए हैं। उम्मीद की जा रही है कि अगले तीन-चार दिन में कांग्रेस पार्टी की दूसरी सूची भी आ जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.