पति ने पार की हैवानियत की हद:शराब के नशे में पत्नी को बेरहमी से पीटा, इलाज के दौरान मौत
बैतूल//
बैतूल में एक पति की हैवानियत का दिल दहलाने वाला कारनामा सामने आया है। शराबी पति ने पत्नी को इतनी बेरहमी से पिटा कि इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हैवान बने पति ने महिला के प्राइवेट पार्ट्स में लकड़ी डालकर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया था। जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना बोरदेही थाना इलाके के बिसखान की है। यहां रहने वाली 45 वर्षीय महिला को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसने शुक्रवार को दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक, महिला के पति ने महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की थी। बताया जा रहा है कि महिला 23 अगस्त की रात घर में सोई हुई थी।
उसी दौरान शराब के नशे में आए उसके पति ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। उसने हैवानियत की हदें पार करते हुए महिला के प्राइवेट पार्ट्स में लकड़ी डाल दी। जिससे महिला की हालत गंभीर हो गई। महिला को 108 एंबुलेंस की मदद से मुलताई के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां उसकी हालत में सुधार न होने के चलते उसे जिला अस्पताल भेज दिया था।
सामान्य धाराओं में दर्ज किया मामला
पुलिस ने इस मामले में अस्पताल की तहरीर के बाद महिला के पति के खिलाफ धारा 323,294,506 के तहत मामला दर्ज किया था। एसडीओपी मुलताई नम्रता सोंधिया ने बताया कि जब मारपीट की घटना संज्ञान में आई थी।तब सामान्य धाराओं में मामला दर्ज किया था। अब इस मामले में धाराएं बढ़ाई जाएगी। आरोपी की फिलहाल गिरफ्तारी नहीं हो सकी है।
पीएम में हुआ खुलासा
महिला की मौत के बाद डॉक्टर आकृति वर्मा, ईशा डेनियल ने उसका पीएम किया। शॉर्ट पीएम रिपोर्ट में भी महिला को गंभीर चोट आना पाई गई है। महिला की एमएलसी रिपोर्ट में भी उसे कई चोटें पाई गई थी। मृतका के भाई ने बताया कि उसका जीजा पहले भी बहन के साथ बेरहमी से मारपीट कर चुका है। पहले भी दो बार उसे बेहोश होने तक पीटा था।