छह बीआरसी की प्रतिनियुक्ति की गई समाप्त, मूल विभाग में भेजा, छह ही नए नियुक्त, तीन एपीसी भी पदस्थ
By बैतूल वार्ता
छह बीआरसी की प्रतिनियुक्ति की गई समाप्त, मूल विभाग में भेजा, छह ही नए नियुक्त, तीन एपीसी भी पदस्थ
बैतूल। (Betulvarta ) कलेक्टर अमनबीरसिंह बैंस ने समग्र शिक्षा अभियान (प्रारंभिक शिक्षा) अंतर्गत प्रतिनियुक्ति पर नियुक्त आधा दर्जन बीआरसी (BRC) की प्रतिनियुक्ति समाप्त करने के आदेश दिए हैं। अब इन शिक्षकों को उनके मूल विभाग वापस भेजा जा रहा है। इनके स्थान पर 6 नए बीआरसी पदस्थ करने के आदेश जारी कर दिए गए हैं। वहीं जिला शिक्षा केंद्र में भी 3 एपीसी नियुक्त किए गए हैं।
जिले के जिन बीआरसी की प्रतिनियुक्ति समाप्त की गई है उनमें मनीष धोटे जनपद शिक्षा केन्द्र आमला, संतोष झरबडे जनपद शिक्षा केंद्र बैतूल, महेन्द्र सलामे जनपद शिक्षा केन्द्र भीमपुर, दीपक महाले जनपद शिक्षा केन्द्र चिचोली, नीरज गलफट जनपद शिक्षा केन्द्र प्रभात पट्टन और ब्रजेश कुमार दुबे जनपद शिक्षा केंद्र शाहपुर शामिल हैं।
इस संबंध में जारी आदेश में कहा गया है कि समग्र शिक्षा अभियान (प्रारंभिक शिक्षा) अंतर्गत कार्य करने हेतु शिक्षा/आजाक विभागीय शिक्षकों की सेवायें प्रतिनियुक्ति / कार्यव्यवस्था अंतर्गत ली गई थी। राज्य शिक्षा शिक्षा केन्द्र भोपाल के पत्र में प्रदत्त निर्देशों के अनुपालन में पदपूर्ति किये जाने से निम्नानुसार प्रतिनियुक्ति/कार्यव्यवस्था अंतर्गत कार्यरत लोकसेवकों की प्रतिनियुक्ति/कार्यव्यवस्था समाप्त की जाती है। अतः उपरोक्त लोकसेवक अपनी उपस्थिति मूल विभाग/संस्था में देवे। यह आदेश तत्काल प्रभावशील होगा।
इनके स्थान पर 6 नए बीआरसी नियुक्त किए गए हैं। इनमें मनीष धोटे जनपद शिक्षा केन्द्र आमला, संतोष आर्य जनपद शिक्षा केंद्र भीमपुर, शिवप्रसाद मोहबे जनपद शिक्षा केंद्र बैतूल, ललित करछले जनपद शिक्षा केंद्र चिचोली, राधेश्याम भास्कर जनपद शिक्षा केंद्र शाहपुर, शंकरलाल खपरिया जनपद शिक्षा केंद्र प्रभातपट्टन शामिल है। इनका चयन उत्कृष्ट विद्यालय बैतूल में आयोजित लिखित परीक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर राज्य शिक्षा केन्द्र से प्राप्त मेरिट सूची के अनुसार जिला नियुक्ति समिति द्वारा किया गया है। इन्हें 2 वर्षों के लिये समान वेतन एवं समान सामर्थ्य पर प्रतिनियुक्ति पर लिया गया है। कार्य संतोषप्रद होने पर यह प्रतिनियुक्ति अवधि अधिकतम 2 वर्षों के लिए जिला नियुक्ति समिति द्वारा बढ़ायी जा सकेगी। यह प्रतिनियुक्ति पूर्णतः अस्थाई है तथा कभी भी समाप्त की जा सकती है।
इन्हें बनाया गया सहायक परियोजना समन्वयक
नए बीआरसी नियुक्त किए जाने के साथ ही जिला शिक्षा केंद्र में 3 एपीसी (APC) भी नियुक्त किए गए हैं। इनमें वासुदेव को एपीसी (अकादमिक), मीना यादव को एपीसी (कम्युनिटी मोबेलाईजेशन) और राजेश कुमार तुरिया को एपीसी बालिका शिक्षा (जेण्डर) नियुक्त किया गया है। इनकी प्रतिनियुक्ति भी 2 वर्ष के लिये होगी। कार्य संतोषप्रद होने पर यह प्रतिनियुक्ति अवधि अधिकतम 2 वर्षों के लिए जिला नियुक्ति समिति द्वारा बढ़ायी जा सकेगी।