तलवार की नोक पर दादागिरी करने, डराने धमकाने का आरोप ,वार्ड की महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
By Betulvarta
जयप्रकाश वार्ड में असामाजिक तत्वों का आतंक
तलवार की नोक पर दादागिरी करने, डराने धमकाने का आरोप
वार्ड की महिलाओं ने पुलिस अधीक्षक से की शिकायत
बैतूल। जयप्रकाश वार्ड, दामादेव कॉलोनी सदर में इन दिनों असामाजिक तत्वों का जमकर आतंक मचा हुआ है। कुछ दबंग युवकों द्वारा इस वार्ड में पहुंचकर दादागिरी की जा रही है। वार्ड वासियों को तलवार की नोक पर धमकाया जा रहा है। सोमवार को वार्ड के लगभग आधा सैकड़ा लोगों ने पुलिस अधीक्षक से इसकी शिकायत की। शिकायत करने वालों में अधिकांश महिलाएं शामिल थी। वार्ड वासियों ने पुलिस अधीक्षक को सौंपे शिकायत आवेदन में बताया कि वार्ड के दो तीन युवक एवं अंडर ब्रिज के पास के दो-तीन युवकों द्वारा मोहल्ले में दादागिरी की जा रही है। तलवार चाकू की नोक पर वार्ड वासियों को धमकाया जा रहा है। हाल ही में शरद पूर्णिमा की रात जब वार्डवासी दूध उबाल रहे थे, इसी दौरान वहां पर शेरा, आयुष नामक युवक और इनके साथ अन्य युवकों द्वारा गाली गलौज की जाने लगी। जब वार्ड वासियों ने विरोध किया तो उन्होंने वार्ड वासियों के साथ मारपीट की। थाने में शिकायत करने की बात पर चाकू दिखाकर डराया, घर से बाहर नहीं निकलने दिया। वहीं इन युवकों में से 2 लोगों ने शेरा नामक युवक को शराब पिलाकर उसे चाकू मारकर घायल कर दिया। वार्ड की कुछ महिलाओं के पति के खिलाफ इन युवकों द्वारा गंज थाने में जाकर झूठी शिकायत करवा दी। जब वार्ड वासी गंज थाने पहुंचे तो पुलिस द्वारा वार्ड वासियों की शिकायत दर्ज नहीं की गई। वार्ड वासियों ने इस मामले में पुलिस अधीक्षक से न्याय की गुहार लगाते हुए असामाजिक युवकों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की है। शिकायत करने वालों में राजकन्या सूतीना, इमला, आरती, सविता, शांता, बेबी, सुशीला, संगीता, रुकमाबाई, सुंदरबाई, मीरा, गीता सलामे, सेवंती, रिंकी, शोभा, संगीता, संतोष, वंदना, प्रकाश, राजेश, सुनीता, कसयाबाई, रामकली, सोमती बाई, राजेंद्र निरापुरे सहित अन्य वार्ड वासी शामिल थे।
यह भी पढ़ें