मुलताई विधायक का नृत्य :रामकथा में जमकर थिरके सुखदेव पांसे,श्रद्धालुओं के साथ किया नृत्य, बैतूलवार्ता
By बैतूल वार्ता
मुलताई विधायक का नृत्य :रामकथा में जमकर थिरके सुखदेव पांसे,श्रद्धालुओं के साथ किया नृत्य
बैतूलवार्ता ।।मध्य प्रदेश के पूर्व पीएचई मंत्री और कांग्रेस के कद्दावर नेता मुलताई विधायक सुखदेव पांसे मुलताई में रामकथा के कार्यक्रम पहुंचे। उन्होंने वहां जमकर नृत्य किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के साथ गरबा भी खेला और भजनों पर भी जम कर नृत्य किया । मुलताई में सूरजमल अग्रवाल परिवार ने राम कथा का आयोजन किया था। कथा वाचन करने के लिए राष्ट्रीय संत शंभू शरण लाटा मुलताई आए थे।
कथा के समापन पर शंभू शरण लाटा की कथा सुनने के लिए मुलताई के विधायक सुखदेव पांसे भी पहुंचे थे। शंभू शरण लाटा के भजनों को सुनकर पांसे अपने आप को नृत्य करने से नहीं रोक पाए। भजनों पर उन्होंने जमकर नृत्य किया, गरबा भी खेला और राम कथा का जमकर आनंद उठाया।
पहली बार नृत्य करते दिखे पांसे
लोगों ने मुलताई विधायक सुखदेव पांसे को पहली बार नृत्य करते हुए देखा। पिछले चुनाव में वे कई बार भारी बहु मतों से जीते हैं,लेकिन इसके बाद भी उन्होंने कभी इस तरह सार्वजनिक नृत्य नहीं किया। शादी और अन्य पारिवारिक कार्यक्रमों में भी उनका नृत्य देखने में नहीं आया था, लेकिन राम कथा में पहली बार उनके नृत्य का वीडियो वायरल हुआ है।