Madhya Pradesh Latest News

सरकार की नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों का बेहतर भविष्य तय करेगी आयुष्मान भारत निरामयम योजना से मिल रहा है मुफ्त उपचार का लाभ-     कमल पटेल

By बैतूल वार्ता

सरकार की नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों का बेहतर भविष्य तय करेगी
आयुष्मान भारत निरामयम योजना से मिल रहा है मुफ्त उपचार का लाभ-     कमल पटेल
आमला को मिली सामुदायिक चिकित्सालय भवन एवं महाविद्यालय भवन की सौगात
बैतूलवार्ता, 12 नवंबर
प्रदेश के किसान कल्याण तथा कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने कहा कि सरकार की नई शिक्षा नीति विद्यार्थियों का बेहतर भविष्य तय करेगी। युवाओं से अपेक्षा है कि वे शिक्षित होकर अपने उज्जवल भविष्य का निर्माण करें। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत निरामयम योजना आमजन के लिए सरकार की अत्यंत ही लाभकारी योजना साबित हो रही है। इससे प्रत्येक पात्र परिवार को प्रतिवर्ष 5 लाख तक के नि:शुल्क उपचार का लाभ मिल रहा है। श्री पटेल जिले के विकासखंड आमला में 5 करोड़ 60 लाख की लागत से निर्मित चिकित्सालय भवन एवं 3 करोड़ 53 लाख की लागत से निर्मित डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय भवन के 6 अतिरिक्त कक्षों के उद्घाटन कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर मंत्री श्री कमल पटेल सहित सांसद श्री डीडी उइके, विधायक आमला डॉ. योगेश पंडाग्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पंवार एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों द्वारा उक्त दोनों भवनों का विधिवत पूजा-अर्चना कर उद्घाटन किया गया।
अपने संबोधन में श्री पटेल ने आगे कहा कि सरकार की नई शिक्षा नीति स्वाभिमानी, पुरूषार्थी, चरित्रवान एवं देशभक्त पीढ़ी तैयार करेगी। विद्यार्थियों से अपेक्षा है कि वे अपने जीवन में सफल तो बनें ही, साथ ही दूसरों का उपकार कर जीवन को सार्थक भी बनाएं। श्री पटेल ने इस दौरान आमला में कृषि उपज मंडी तक जाने वाली सडक़ निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के भी निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत निरामयम योजना का लाभ लेने के लिए ज्यादा से ज्यादा पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जाएं। श्री पटेल ने आगे कहा कि क्षेत्रीय विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे के प्रयासों के चलते आमला को दो सौगातें मिली हैं। महाविद्यालय भवन से क्षेत्र के विद्यार्थियों को अध्ययन सुविधा तो मिलेगी ही, इसके अलावा सर्वसुविधायुक्त अस्पताल भवन क्षेत्रीय लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मुहैया कराने में सहयोगी सिद्ध होगा। इस अवसर पर सांसद श्री डीडी उइके ने अपने संबोधन में कहा कि आमला के लिए यह सुअवसर है जब बहुप्रतीक्षित दोनों भवन पूर्ण हुए हैं एवं उद्घाटन किया जा रहा है। क्षेत्रीय विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे ने कहा कि आमला को स्वास्थ्य एवं शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। आगे भी विकास कार्यों में कोई कसर नहीं रखी जाएगी। सामुदायिक अस्पताल भवन में 60 बिस्तरीय सुविधा मिलने से मरीजों को अब उपचार में असुविधा नहीं होगी। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री राजा पंवार ने इस अवसर पर सबको शुभकामनाएं दी और कहा कि मौजूदा सरकार आम आदमी की हर जरूरत को पूरा कर रही है। अतिथियों ने चिकित्सालय भवन के उद्घाटन के दौरान यहां भर्ती मरीजों से भी चर्चा की।
इस दौरान जनपद अध्यक्ष आमला श्री गणेश यादव, डॉ. भीमराव अंबेडकर शासकीय महाविद्यालय के प्राचार्य श्री प्रमोद मिश्रा, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. अशोक नरवरे सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.