नियमित किए जाने की मांग संघ ने बैतूल प्रवास पर आए शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को सौंपा ज्ञापन
By, Betul Varta
संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को नियमित किए जाने की मांग
संघ ने बैतूल प्रवास पर आए शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार को सौंपा ज्ञापन
बैतूल। जिले के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने शुक्रवार को बैतूल प्रवास पर आए शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री इंदर सिंह परमार को ज्ञापन सौंपकर जायज लंबित मांगों को पूर्ण किए जाने का आग्रह किया है। संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष डॉ.गोविंद साहू ने बताया कि अपनी जायज मांगों को लेकर संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी संघ ने चरणबद्ध आंदोलन प्रारंभ कर दिया है। संघ ने आमला विधायक डॉ.योगेश पंडाग्रे, भाजपा जिला अध्यक्ष बबला शुक्ला, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सहित समस्त ब्लॉक स्तर पर ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर को ज्ञापन सौंपकर अनिश्चितकालीन आंदोलन पर जाने की सूचना दी है। जिला अध्यक्ष साहू ने बताया लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के अंतर्गत राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन मध्यप्रदेश में कार्यरत लगभग 32 हजार संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अपनी 2 सूत्रीय लंबित मांगों के पूर्ण नहीं होने के चलते आंदोलन की राह पर है। क्रमिक आंदोलन के विभिन्न चरणों के माध्यम से प्रदेश के समस्त संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी शासन तक अपनी मांगों को पहुंचाने का प्रयास करेंगे। इसके बाद भी शासन प्रशासन द्वारा कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों का निराकरण नहीं किया गया, तो 15 दिसंबर से राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत कार्यरत समस्त संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी अनिश्चितकालीन कलम बंद हड़ताल पर चले जाएंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन एवं प्रशासन की होगी। ज्ञापन देते समय संघ के जिला अध्यक्ष डॉक्टर गोविंद साहू, डॉ विनोद शाक्य, मनोज चढ़ोकार, सचिव योगेंद्र दवंडे, प्रांतीय प्रवक्ता वीरेंद्र ऊपरालें, तापीदास चढ़ोकार, गणपत झोड़, अमित रकसे, मेघराज यादव, दीपक झारिया, बल्लू सोनी, भावेश देशमुख, रवि निरापुरे, अंकिता वरवड़े, अनीता मालवीय, स्वाति मालवीय, शीतल, प्रिया, पूजा आदि अन्य संविदा स्वास्थ्य कर्मचारी मौजूद थे।
— संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों की यह है मांग–
एनएचएम सपोर्ट स्टाफ एवं अप्रेजल से निष्काशित कर्मचारियों को तत्काल एनएचएम में वापस लेने के आदेश जारी करने और मध्यप्रदेश के एनएचएम के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों को अन्य राज्यों की भांति नियमित किया जाए तथा नियमित की प्रक्रिया के प्रचलन में सामान्य प्रशासन विभाग के पत्र क्रमांक-सी-5-2/2018/1/1/3, 5 जून 2018 की नीति लागू कर उसके अनुसार नियमित कर्मचारियों का न्यूनतम 90 प्रतिशत वेतन एवं अन्य सुविधा आज दिनांक तक एरियर सहित राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के समस्त संविदा कर्मचारियों को तत्काल आदेश जारी करें। स्वास्थ्य कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष ने बताया मध्यप्रदेश शासन द्वारा संविदा कर्मचारियों के लिए केबिनेट में 5 जून 2018 की नीति सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी की गई थी, जिसके अनुसार खेल युवा कल्याण विभाग, महिला बाल विकास विभाग, राजस्व विभाग, पशुपालन विभाग, लोक सेवा प्रबंधन विभाग, स्थानीय निधि संपरीक्षा मप्र प्रकोष्ठ भोपाल आदि में लागू की जा चुकी है, परन्तु एनएचएम के संविदा कर्मचारियों पर आज दिनांक तक लागू नहीं की गई। विगत वर्ष 2021 में आंदोलन के दौरान एनएचएम द्वारा जारी पत्र क्र. एनएचएम/एचआर/2021/8753 दिया गया था, जिसमें कहा गया था कि जून के द्वितीय सप्ताह 2021 तक वित्त विभाग से अन्तिम निर्णय लेकर 5 जून 2018 की नीति लागू कराई जावेगी जो कि आज दिनांक तक लंबित है।
यह भी पढ़ें