मणिपुर की राज्यपाल अनुसाइया उइके के विशेष प्रयासों से सकुशल वापस लौटे 24 छात्र, बैतूल के रंभा और सारनी पहुंच जाएंगे 2 छात्र भी इंदौर आए
By, बैतूल वार्ता
मणिपुर की राज्यपाल अनुसाइया उइके के विशेष प्रयासों से सकुशल वापस लौटे 24 छात्र, बैतूल के रंभा और सारनी पहुंच जाएंगे 2 छात्र भी इंदौर आए
बैतूल।। मणिपुर की राजधानी इंफाल में फंसे बैतूल जिले के दो छात्र सकुशल इंदौर तक पहुंच गए है। मप्र सरकार और मणिपुर की राज्यपाल अनुसईया उईके की विशेष पहल से बैतूल समेत कुल 24 विद्यार्थियों को स्पेशल प्लेन से मणिपुर से कोलकाता और यहां से इंदौर ला लिया गया है। बैतूल के सारनी निवासी आलोक राय और रंभा निवासी सचिन आर्य भी स्पेशल प्लेन से बीती रात इंदौर पहुंच गए। पिछले एक सप्ताह से मणिपुर में जिस तरह से हालात निर्मित हो रहे थे, इससे दोनों छात्र सो तक नहीं पाए। यही वजह है कि बीती रात इंदौर पहुंचने के बाद गुरूवार दोनों छात्रों ने अपने इंदौर निवासी मित्र के फ्लैट पर आराम किया। खबर है कि मणिपुर से लौटने के बाद सारनी के छात्र आलोक की तबीयत कुछ बिगड़ गई है। इसी वजह वे बीती रात अपने घर नहीं आ सके। गुरूवार शाम दोनों छात्र सडक़ मार्ग से निकलकर रंभा और सारनी पहुंच जाएंगे।
परिजनों ने सकुशल वापसी पर जताया आभार
मणिपुर में अध्ययनरत दोनों छात्रों के सकुशल वापसी पर परिजनों ने प्रदेश सरकार के अलावा बैतूल कलेक्टर और मीडिया का ह्दय से आभार माना है। रंभा निवासी सुरेश आर्य ने बताया कि मणिपुर में पिछले एक सप्ताह से चल रहे हालात के बारे में पुत्र सचिन द्वारा दी गई जानकारी से बेहद चिंतित थे, लेकिन कलेक्टर से मिलने के बाद प्रदेश सरकार से चर्चा कर उनके पुत्र की सकुशल वापसी हुई है। इसके लिए उन्होंने आभार माना है। सारनी के आलोक राय के भाई विकास राय ने भी बताया कि सरकार ने सुरक्षित प्रयास कर उनके भाई की सकुशल वापसी कराई है, यह अच्छा प्रयास है। पिछले एक सप्ताह से जिस तरह परिजन चिंता में थे, उन्होंने बताया कि उनका भाई आलोक भी काफी परेशान था।
छात्रों को वापस लाने में मणिपुर की राज्यपाल की महत्वपूर्ण भूमिका
जानकारी के मुताबिक इस समय में मणिपुर में अनुसईया उईके राज्यपाल है। वे मूल रूप से छिंदवाड़ा की रहने वाली है। प्रदेश से पूर्व में राज्यपाल सांसद भी रही है और गत वर्ष ही छत्तीसगढ़ से उनका तबादला करते हुए मणिपुर का राज्यपाल बनाया गया था। प्रदेश के 24 छात्रों के इंफाल में फंसने की जानकारी उन्हें मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी तो सहृदयता दिखाते हुए राज्यपाल सुश्री उईके ने काफी मदद की। यही वजह है कि अन्य राज्यों की अपेक्षा प्रदेश के फंसे 24 विद्यार्थियों को मणिपुर से सुरक्षित निकाल लिया गया है।