Madhya Pradesh Latest News

टिकट कटने के डर से माहौल बनाने का प्रयास तो नहीं ?

By, बैतूल वार्ता

टिकट कटने के डर से माहौल बनाने का प्रयास तो नहीं?
कांग्रेस की सभा में विधायक का सनसनीखेज आरोप- भाजपा ने जीतने के बाद 50 करोड़ में खरीदने का प्रयास किया, केबिनेट मंत्री बनाने पर भी भाजपा जॉइन नहीं की कहीं टिकट कटने के डर से माहौल बनाने का प्रयास तो नहीं?

बैतूल। घोड़ाडोंगरी के कांग्रेस विधायक ब्रम्हा भलावी ने यह कहकर फिर सनसनी मचा दी है कि वर्ष 2018 में जीत हासिल करने के बाद भाजपा ने उन्हें 50 करोड़ में खरीदने का प्रयास किया, लेकिन उनकी अंतरात्मा कांग्रेस के साथ थी, इसलिए नही बिके। उन्होंने बैतूल में शनिवार को कांग्रेस के भाजपा सरकार के भ्रष्टाचार के खिलाफ गांधी चौक पर धरना प्रदर्शन में अपने उद्बोधन में यह बात दोहरा कर भाजपा पर बड़ा वर किया है। कांग्रेस विधायक भलावी का यह उद्बोधन इसलिए भी मायने रखता हैं, क्योंकि पार्टी के कई सर्वे में उनकी रिपोर्ट नेगेटिव आई है और उनकी टिकट पर संकट मंडरा रहा है। ऐसे समय उन्होंने साढ़े 4 वर्ष पहले की बात को उद्बोधन में रखकर वजन बढ़ाने का प्रयास किया है। हालांकि उनके इस आरोप में कितनी सच्चाई है और उन्हें कितना फायदा मिलेगा, यह तो टिकट फाइनल होने पर ही पता चल पाएगा।

यह कहा भलावी ने अपने उद्बोधन में

अपने उद्बोधन के दौरान मंच से ही घोड़ाडोंगरी के कांग्रेसी विधायक ब्रम्हा भलावी ने भाजपा पर 2018 में उनको ख़रीदने के आरोप लगा दिए। इन आरोपों को लेकर जब उनसे पूछा गया तो विधायक भलावी ने बताया कि जीत के बाद 31 दिसम्बर 2018 को भाजपा के कुछ नेता मेरे घर पर आए थे और बोले कि कमाई करने और मालामाल होने का समय है, आप भाजपा ज्वाइन कर लो हम आपको 50 करोड़ देंगे। वे यही नहीं रुके और कह बैठे कि उन्हें भाजपा के नेताओं ने केबिनेट मंत्री भी बनाने के साथ इंदौर- भोपाल में फ्लैट खरीद कर देने का प्रलोभन भी दिया। उन्होंने यहां पूर्व सीएम कमलनाथ का जिक्र करते हुए कह दिया कि नाथ साहब ने मुझ छोटे से कार्यकर्ता को टिकट दिया है और यह काम मैं नही करूंगा। सभा के बाद पत्रकारों से चर्चा के दौरान भी कांग्रेस विधायक ने यह बात दोहराई है।

पीएम और शाह से भी बात करवाने के लिए लगाये थे फोन

कांग्रेस विधायक ने कहा कि भाजपा के लोग अमित शाह और मोदी जी से भी बात कराने फोन लगाए थे। वे कौन थे उन्हें मैं नहीं जानता था, चूंकि मैं नया विधायक था।। मैं बीजेपी ज्वाइन ही नही करता तो बात करके क्या करता। उन्होंने कहा कि सभी लोग टवेरा गाड़ी से आए थे। एक ने अपना परिचय आमला के पूर्व विधायक कन्हैया ढोलेकर के रूप में दिया था। चुनावी वर्ष में कांग्रेस विधायक के इस खुलासे के बाद भाजपा पर एक और आरोप लग गया है। इस आरोप से एक ओर कमलनाथ सरकार के दौरान ज्योतिरादित्य सिंधिया सहित भाजपा में गए कांग्रेसी विधायकों के मामलें की याद ताज़ा कर दी है। दूसरी ओर टिकट के लिए जद्दोजहद कर रहे कांग्रेस विधायक को कितना फायदा मिलता है, आने वाला समय बताएगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.