बैतूल गंज में चोरी की वारदातों पर सख्त हुए पूर्व सांसद
, पुलिस अधिकारियों को बोले- गश्त में नगर रक्षा समिति की मदद ले, जरूरत पड़ी तो खुद मानदेय देंगे, इधर भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ की व्यापारियों से दूरी कहीं न बन जाए गले की हड्डी
बैतूल।। गंज के प्रेमी किराना स्टोर में हुई चोरी की घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में आक्रोश है। सोमवार को पूर्व सांसद हेमंत खंडेलवाल ने क्षेत्र के व्यापारियों से मुलाकात कर चोरी की घटनाओं पर शिकंजा कसने के लिए गंज टीआई को नगर रक्षा समिति सदस्य तैनात करने का सुझाव दिया। श्री खंडेलवाल ने कहा कि नगर रक्षा समिति को मानदेय देने में समस्या आ रही है तो वह अपनी तरफ से नगर रक्षा समिति सदस्यों को मानेदय देंगे ताकि चोरी की घटनाओं पर अंकुश लग सके। हेमंत की दरियादिली से व्यापारी वर्ग में सर्वत्र प्रशंसा की जा रही है।
सोमवार को गंज स्थित किराना दुकान में हुई चोरी के बारे में जानकारी लगने पर खंडेलवाल प्रेमी किराना के संचालक दीपक पोपली से मिलने पहुंचे थे। उनके साथ गंज क्षेत्र के प्रमुख व्यापारी भी मौजूद रहे। श्री खंडेलवाल ने टीआई एबी मर्सकोले को रात्रि गश्त बढ़ाने के साथ ही नगर रक्षा समिति को भी तैनात करने के लिए कहा। इस दौरान पूर्व सांसद ने टीआई को दो टूक शब्द में कहा कि अधिकारियों से चर्चा कर नगर सुरक्षा समिति को गश्ती के लिए तैनात किया जाए। यदि आर्थिक समस्या सामने आती है तो उन्हें जानकारी दें। श्री खंडेलवाल ने कहा कि फंड के अभाव में वे खुद अपने खर्च पर नगर सुरक्षा समिति के सदस्यों को वेतन देंगे। उनके मुंह से यह बात निकलते ही व्यापारियों ने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि पूर्व सांसद व्यापारियों की समस्याओं के निराकरण के लिए हमेशा प्रयत्नशील रहते हैं।
व्यापारियों ने भी नगर सुरक्षा समिति सदस्यों को खंडेलवाल द्वारा राशि दिए जाने के एलान पर भी खुशी जाहिर की है। इस दौरान व्यापारियों ने श्री खंडेलवाल से गंज में थाना वापस लाने की मांग की। उन्होंने व्यापारियों को आश्वासन दिया कि वे जल्द ही इस संबंध में अधिकारियों से चर्चा कर प्रयास करेंगे कि कोई अच्छी जगह मिल जाए तो थाना व्यापारिक क्षेत्र के निटक स्थापित कर सके। इस मौके पर नरेंद्र हिराणी, प्रवीण भाई, मनोज भार्गव, बंटी मोटवानी एवं दीपू सलूजा मौजूद रहे। चौकी के स्थान पर गंज थाना लाया जाए व्यापारियों ने श्री खंडेलवाल को बताया कि गंज एक व्यवसायिक गतिविधियों का क्षेत्र है।
यह बैतूल जिले का एकमात्र थोक मार्केट है पूर्व में यहां रेलवे स्टेशन के समीप पुलिस चौकी थी। व्यापारियों ने चोरियों के बढऩे के कारण असुरक्षा के भाव से मुख्यमंत्री से आग्रह किया था, इस चौकी के स्थान पर गंज को थाना घोषित किया जाए जिससे स्टाफ भी बड़े और व्यापारियों की समस्या भी सुलझे। व्यापारियों का कहना है कि मुख्यमंत्री ने गंज पुलिस चौकी को गंज थाना बना दिया पर अब इस थाने को पुलिस ग्राउंड के समीप स्थापित किया गया है जोकि इस व्यवसाय क्षेत्र से बहुत दूर है। पिछले 6 महीने से गंज क्षेत्र में लगातार चोरियां होने से व्यापारियों में भय एवं असुरक्षा का वातावरण बना हुआ है।
भाजपा का व्यापारी प्रकोष्ठ नींद में कहने को तो भाजपा का व्यापारी प्रकोष्ठ बना हुआ है, लेकिन इसके अध्यक्ष नींद में सोए हुए हैं। व्यापारी शुक्रवार को खुद ही एसपी से मिलने गए। कहा जाता है कि व्यापारियों को भाजपा का परंपरागत वोट बैंक हैं, लेकिन पार्टी के व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष अपने काम में इतने व्यस्त है कि वे व्यापारियों को ही समय नहीं दे पा रहे हैं। एक ओर पूर्व सांसद खुद दुकान पर जाकर व्यापारियों से चर्चा करने के बाद पुलिस को हिदायत दे रहे हैं, लेकिन व्यापारी प्रकोष्ठ के अध्यक्ष अनुराग पवार ने न तो किसी को फोन किया और न ही नेतृत्व करते हुए अधिकारियों से मिले। इससे व्यापारी भी खासे नाराज बताए जा रहे हैं। अपने निजी कामों में अधिक व्यस्त रहने वाले व्यापारी प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भविष्य में होने वाले चुनाव में व्यापारियों से मिलने जाए तो उन्हें मुंह की खानी पड़ सकती है। इतना ही नहीं उनकी चूक से भाजपा का परंपरागत वोट बैंक भी हाथ से छिटक सकता है।
इनका कहना…..
शहर में चोरियों के मामले में बढ़़ रहे हैं। पुलिस अधिकारियों को गश्त बढ़ाने और नगर रक्षा समिति को एक्टिव करने के लिए कहा है। यदि पुलिस के पास फंड का अभाव है तो वे खुद नगर रक्षा समिति को भुगतान करेंगे।
-हेमंत खंडेलवाल, पूर्व सांसद बैतूल।
मैं व्यक्तिगत कार्यों से बाहर था। इसलिए व्यापारियों के साथ नहीं जा सका। शीघ्र ही व्यापारियों के साथ एसपी को ज्ञापन सौंपेंगे।
– अनुराग पवार, अध्यक्ष भाजपा व्यापारी प्रकोष्ठ।