Madhya Pradesh Latest News

लापता 11 साल के बच्चे का तालाब में मिला शव, स्कूल से नाम कटवाने पर खुदकुशी की आशंका

By बैतूल वार्ता

लापता 11 साल के बच्चे का तालाब में मिला शव, स्कूल से नाम कटवाने पर खुदकुशी की आशंका
छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर में शनिवार से लापता 11 वर्षीय बालक का शव दूसरे दिन रविवार शाम चलता कृषि विज्ञान केंद्र के पीछे स्थित तालाब में मिला है। बालक के शव को पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने परिजनों को सौंप दिया है।
बालक द्वारा आत्महत्या करने की आशंका है। बताया गया है कि प्राइवेट स्कूल से नाम कटाकर उसे मदरसा में दाखिल करा दिया गया था। इसके चलते बालक परिजनों से नाराज और दुखी था। वहीं पुलिस पीएम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। मामला सीतापुर थाना का है।

जानकारी के अनुसार, ग्राम सुर निवासी सगीर खान का 11 वर्षीय बेटा फरहान खान शनिवार शाम 4 बजे बिना बताए घर से निकल गया। परिजनों ने सोचा कि बालक कहीं आसपास अपने दोस्तों संग घूम रहा होगा। शाम को जब खाने के वक्त तक बच्चा घर नहीं पहुंचा, तब चिंतित परिजन उसकी तलाश करने लगे। काफी देर तक तलाशने के बाद भी फरहान का कहीं पता नहीं चला। अनहोनी की आशंका से परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की जानकारी दी। पुलिस ने भी तलाश किया, पर पता नहीं चला।

आत्महत्या की आशंका
पुलिस पूछताछ में पता चला है कि फरहान खान निजी स्कूल में पढ़ता था। नए शैक्षणिक सत्र में निजी स्कूल से उसका नाम कटाकर उसे परिजनों ने मदरसे में दाखिल करा दिया था। वह मदरसे में नहीं पढ़ना चाहता था। इसे लेकर उसने परिजनों को मनाने की काफी कोशिश की थी, लेकिन बात नहीं बनी तो वह अत्यधिक निराश एवं दुखी था। इससे उसके द्वारा आत्महत्या भी किए जाने की आशंका है। उसके साथ अन्य कोई बच्चा तालाब के पास गया था, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.