जीजा के साथ जा रही साली की सड़क हादसे में मौत
राठ।। मंगलवार दोपहर जीजा के साथ घर जा रही साली की हमीरपुर मार्ग पर गहरा चौकी के पास बाइक से गिरकर मौत हो गई। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जनपद महोबा के पनवाड़ी थाना अंतर्गत उल्दन गांव निवासी पुष्पेंद्र राजपूत ने बताया उसकी पत्नी किरन (37) दो मासूम बच्चों के साथ कोतवाली क्षेत्र के धनौरी गांव में रहने वाली अपनी बड़ी बहन राजकुमारी के घर 8 दिन पहले गई थी। किरन मंगलवार दोपहर पुत्र वंश (4), अतुल (3) को लेकर जीजा हरि सिंह राजपूत के साथ बाइक से अपने घर उल्दन लौट रही थी। तभी हमीरपुर रोड स्थित गहरा चौकी के पास उनकी बाइक में स्कूटी सवार ने टक्कर मार दी। हड़बड़ाहट में जीजा हरि सिंह बाइक से संतुलन खो बैठे और सड़क किनारे बाइक सहित गिर गये। जिससे किरन के सिर पर चोट लगने से बुरी तरह घायल हो गई। राहगीरों ने घायल को सरकारी अस्पताल लेकर आये। जहां डॉ.चतुर्भुज ने किरन को मृत घोषित कर दिया। पुष्पेंद्र ने बताया वह अपनी 4 बीघा कृषि योग्य भूमि पर खेतीबाड़ी करता है। जिस पर पत्नी किरण साथ देती थी, घटना के बाद बड़ी बहन राजकुमारी, पति और मासूम बच्चों का रो-रो कर बुरा हाल हो रहा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
यह भी पढ़ें