पोकलेन मशीन से कार्य के नाम पर 5 लाख का फर्जीवाड़ा उजागर
नगर पालिका परिषद सारनी के वार्ड पार्षद ने कलेक्टर से की शिकायत
नपा ने आमंत्रित की थी निविदा, सिंगल फर्म ने लिया था टेन्डर प्रकिया में भाग
बैतूल। सारनी नगर पालिका परिषद के वार्ड 4 के पार्षद एवं कांग्रेस नेता किरण कुमार झरबड़े ने पोकलेन मशीन से कार्य के नाम पर 5 लाख का फर्जीवाड़ा उजागर किया है। इस मामले की शिकायत कलेक्टर से की गई है। पार्षद का आरोप है कि वार्डों में पोकलेन मशीन चली हैं, उसमें सुपरवाइजरों की मिली भगत से पोकलेन मशीन को कम समय चलाकर ज्यादा समय की रजिस्टर में एंट्री की गई, उस समय ना कोई इंजीनियर साइट पर मौजूद था, ना कोई समय पाल था। कलेक्टर को सौंपे शिकायत आवेदन में कांग्रेस नेता किरण कुमार झरबड़े ने बताया कि नगर पालिका सारनी में बरसात को देखते हुये नगरपालिका ने नालो की सफाई के लिए निविदा आमंत्रित की थी। जिसमें सिंगल फर्म ने टेन्डर प्रकिया में भाग लिया। सिंगल फर्म का टेन्डर रेट ओपन किया गया, जो न्याय संगत नही है। पिछले वर्ष की अपेक्षा इस वर्ष पोकलेन मशीन का किराया दुगना है। उसके बावजूद उस फर्म का एग्रीमेंट कर वर्क आर्डर दिया गया और जितनी राशि परिषद द्वारा निर्धारित की गई थी। उससे 5 लाख रू अतिरिक्त का कार्य बिना सूचना के करवाया गया। जिसे पी.आई.सी. द्वारा पास भी कर दिया गया। पार्षद किरण कुमार झरबड़े ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर दण्डात्मक कार्यवाही करने की मांग की है।