आमला गैंगरेप केस में तीसरा आरोपी भोपाल से गिरफ्तार: पीड़िता को इलाज के लिए भेजा गया भोपाल, आरोपी की चिकन शॉप प्रशासन ने हटाई
बैतूल 3नवंबर ।। आमला गैंगरेप प्रकरण में फरार तीसरे आरोपी को पुलिस ने भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी घटना के बाद अपने रिश्तेदार के घर में छिपा हुआ था। इससे पहले दो आरोपियों को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है। तीनों को सोमवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा, जिसके बाद पीड़िता की मौजूदगी में शिनाख्त परेड कराई जाएगी।
इस बीच, पीड़ित नाबालिग को पेट दर्द की शिकायत पर डॉक्टरों की सलाह से भोपाल रेफर किया गया है। उसे महिला पुलिसकर्मियों की निगरानी में भेजा गया है।
फोन कॉल से मिला पुलिस को सुराग:
जांच के दौरान एक फोन कॉल पुलिस के लिए अहम सुराग बना। घटना के समय पीड़िता ने आरोपियों में से एक के फोन से अपने दोस्त को कॉल किया था, जिसके रिकॉर्ड से पुलिस आरोपियों तक पहुंच सकी।
प्रशासन की सख्त कार्रवाई:
घटना के बाद प्रशासन ने मुख्य आरोपी की चिकन शॉप को हटा दिया। यह दुकान आमला के मुख्य मार्ग पर शासकीय भूमि पर अतिक्रमण कर लगाई गई थी। सीएमओ जी.आर. देशमुख के अनुसार, सोमवार को टीन शेड हटाकर अतिक्रमण को समाप्त किया गया।
एसपी बैतूल ने मामले की जांच डीएसपी (विमेन सेफ्टी) दुर्गेश मार्को को सौंपी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में त्वरित और सख्त कार्रवाई की जा रही है।
Comments are closed.