एकलव्य आवासीय विद्यालय में लापरवाही पर एनसीएसटी सख्त: जनजातीय विभाग और कलेक्टर बैतूल से 7 दिन में जवाब तलब
By,वामन पोटे
एकलव्य विद्यालय में लापरवाही पर एनसीएसटी सख्त: जनजातीय विभाग और कलेक्टर बैतूल से 7 दिन में जवाब तलब
बैतूल 3 नवंबर ।। मध्यप्रदेश आदिवासी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम की शिकायत पर राष्ट्रीय अनुसूचित जनजातीय आयोग (एनसीएसटी) ने जनजातीय कार्य विभाग और कलेक्टर बैतूल को नोटिस जारी किया है। आयोग ने यह कार्रवाई एकलव्य आवासीय विद्यालय भैसदेही में छात्र की मृत्यु के मामले में हुई गंभीर लापरवाही के आधार पर की है।
आयोग के भोपाल क्षेत्रीय कार्यालय से अनुसंधान अधिकारी अंकित कुमार सेन द्वारा 16 अक्टूबर को जारी नोटिस में संबंधित विभागों से सात दिन के भीतर विस्तृत प्रतिवेदन मांगा गया है।
शिकायत में कहा गया है कि भैसदेही स्थित विद्यालय में एक छात्र की मृत्यु प्रशासनिक लापरवाही का परिणाम है। रामू टेकाम ने आयोग से मांग की है कि दोषी अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की जाए और मृतक छात्र के परिवार को मुआवजा एवं न्याय दिलाया जाए।
आयोग ने इस शिकायत को अत्यंत गंभीर मानते हुए विभाग से स्पष्टीकरण मांगा है। साथ ही चेतावनी दी है कि जवाब प्रस्तुत न करने पर आयोग संविधान के अनुच्छेद 338(ए) के अंतर्गत सिविल न्यायालय की शक्तियों का प्रयोग कर सकता है।
दूसरे नोटिस में आयोग ने भैसदेही क्षेत्र के आदिवासी छात्रों की समस्याओं पर भी जनजातीय कार्य विभाग से 30 दिन में रिपोर्ट मांगी है।
शाहपुर एकलव्य विद्यालय में भी अव्यवस्था के आरोप
रामू टेकाम ने बताया कि शाहपुर स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के छात्रों ने भी प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों ने कलेक्टर बैतूल और केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके को दी गई शिकायत में बताया कि विद्यालय में पोषक भोजन की कमी, गंदे शौचालय, टूटी खिड़कियां-दरवाजे, तथा बिस्तर सामग्री की भारी कमी है। छात्राओं ने सुरक्षा और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की भी शिकायत की है।
आयोग ने स्पष्ट किया है कि यदि विभाग समयसीमा में कार्रवाई नहीं करता, तो आयोग प्रत्यक्ष जांच कर सकता है।
यह भी पढ़ें
Comments are closed.