खेत में गिरा बम, चार फीट नीचे धंसा: सेना और बम स्क्वॉड कर रहे जांच
रातभर पुलिस रही तैनात, ग्रामीणों में दहशत का माहौल
बैतूल 7 नवंबर ।। बैतूल जिले के बीजादेही थाना क्षेत्र के वनग्राम कुप्पा में गुरुवार को एक खेत में बम गिरने की घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। यह बम किसान अर्जुन प्रेम काजले के खेत में गिरा था। सौभाग्य से बम नहीं फटा, जिससे बड़ी जनहानि टल गई। बताया गया कि यह बम किसान से करीब एक मीटर की दूरी पर गिरा और मिट्टी में लगभग तीन से चार फीट तक धंस गया।
घटना की जानकारी मिलते ही बीजादेही पुलिस मौके पर पहुंची और क्षेत्र को सुरक्षा घेरे में ले लिया। देर रात अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ASP) कमला जोशी भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पूरी स्थिति का जायजा लिया और सुरक्षा की दृष्टि से इलाके में रातभर पुलिस बल तैनात किया गया। ग्रामीणों को घटनास्थल से दूर रहने के निर्देश दिए गए।
शुक्रवार सुबह बम डिटेक्शन स्क्वॉड (BDS) और पुलिस टीम ने जांच शुरू की। एएसपी कमला जोशी ने बताया कि सेना की टीम भी शुक्रवार को घटनास्थल पर पहुंच रही है। सेना की विशेषज्ञ टीम क्षेत्र में गिरे दो अन्य संभावित बमों की तलाश भी करेगी। इसके लिए डॉग स्क्वॉड की सहायता ली जा रही है।
सेना की जांच टीम लेफ्टिनेंट कर्नल जितेंद्र के नेतृत्व में मौके पर पहुंचकर बम की प्रकृति और स्रोत की जांच करेगी। प्रशासन ने ग्रामीणों से सतर्क रहने और बिना अनुमति खेतों या जंगल की ओर न जाने की अपील की है।


Comments are closed.