कलयुगी बेटे का क्रूर चेहरा: मामूली विवाद में मां की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार गांव डूडर में दर्दनाक वारदात से फैला मातम
By,वामन पोटे
कलयुगी बेटे का क्रूर चेहरा: मामूली विवाद में मां की हत्या, 24 घंटे में आरोपी गिरफ्तार
गांव डूडर में दर्दनाक वारदात से फैला मातम

बैतूल 27 नवंबर ।। आठनेर थाना क्षेत्र के शांत माने जाने वाले ग्राम डूडर में मंगलवार शाम ऐसा दिल दहला देने वाला दृश्य सामने आया, जिसने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया। मामूली कहासुनी के बाद एक बेटे ने अपनी ही जननी का जीवन छीन लिया। 35 वर्षीय दिलीप उइके ने गुस्से में आकर घर में रखा सिलबट्टा अपनी 60 वर्षीय मां मंगेबाई उइके पर जोर से पटक दिया। भारी पत्थर जैसे रसोई उपकरण के वार इतने भयावह थे कि मंगेबाई ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना के तुरंत बाद आरोपी बेटा घर से भाग निकला। देर शाम जब रिश्तेदार युवराज इवने घर पहुंचे तो कमरे का दृश्य देखकर उनकी भी रूह कांप उठी—मंगेबाई खून से लथपथ फर्श पर पड़ी थीं। अफरा-तफरी के बीच पुलिस को सूचना दी गई। आठनेर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा किया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थाना प्रभारी विजय सिंह ठाकुर के अनुसार, दिलीप लंबे समय से मानसिक तनाव से जूझ रहा था और अक्सर परिवार के साथ विवाद करता रहता था। वारदात के बाद वह जंगल और खेतों में छिपता रहा, लेकिन पुलिस ने 24 घंटे तक लगातार कॉम्बिंग की। अंततः बुधवार देर शाम ग्राम डूडर की घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।

पुलिस ने उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। आरोपी को आज गुरुवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गांव में मातम और आक्रोश दोनों का माहौल है। लोग इस बात से स्तब्ध हैं कि गुस्से के चंद पल एक बेटे को इतना अंधा कर देंगे कि वह अपनी जन्मदात्री की जान ही ले लेगा। दर्दनाक घटना ने पूरे क्षेत्र को हिलाकर रख दिया है।
Comments are closed.