रोमांच का नया अध्याय: पन्ना नेशनल पार्क में दौड़ेंगी 10 नई कैंटर बसें, 19 पर्यटकों को एक साथ सफारी का मज़ा
By,वामन पोटे
रोमांच का नया अध्याय: पन्ना नेशनल पार्क में दौड़ेंगी 10 नई कैंटर बसें, 19 पर्यटकों को एक साथ सफारी का मज़ा
पन्ना 08 दिसंबर ।। मध्यप्रदेश में पर्यटन सुविधाओं को नई ऊँचाइयों पर ले जाने के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव लगातार प्रयासरत हैं। इसी दिशा में सोमवार को उन्होंने पन्ना नेशनल पार्क के मड़ला गेट से 10 नई ‘वीविंग कैंटर’ बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इन नई बसों के शामिल होने से जंगल सफारी अब और भी रोमांचक, आरामदायक और सभी के लिए सहज हो गई है।
नई कैंटर बसें एक साथ 19 पर्यटकों को सफारी का आनंद दिला सकेंगी। आकार में लंबी और ऊँची होने के कारण इनसे जंगल के नज़ारे और भी स्पष्ट दिखाई देंगे। बच्चों व बुजुर्गों के लिए ये बसें अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक मानी जा रही हैं। पर्यटक इनमें बैठकर वन्यजीवों को प्राकृतिक आवास में घूमते हुए बेहद करीब से देख सकेंगे।
ऑनलाइन बुकिंग नहीं? फिर भी मिलेगा सफारी का मौका
अब तक ऑनलाइन स्लॉट न मिलने पर कई पर्यटकों को नेशनल पार्क पहुंचकर भी सफारी से वंचित रहना पड़ता था, लेकिन अब 10 नई कैंटर बसों के संचालन से यह परेशानी काफी कम होगी। अब पर्यटक सीधे पार्क के एंट्री गेट से ही सफारी की बुकिंग करा सकेंगे। प्रति व्यक्ति/प्रति राउंड लगभग ₹1150 से ₹1450 का शुल्क निर्धारित किया गया है।
कई बड़े नेशनल पार्कों में मिलेंगी बसों की सेवाएँ
ये नई बसें सिर्फ पन्ना ही नहीं बल्कि बांधवगढ़, कान्हा, पेंच, परसिली (सीधी) सहित प्रदेश के अन्य प्रमुख नेशनल पार्कों और पर्यटन स्थलों पर भी संचालित की जाएंगी। पर्यटन निगम द्वारा उठाया गया यह कदम न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा देगा बल्कि राज्य में जंगल सफारी को नई दिशा भी देगा।
नई बसों के साथ अब सफारी का अनुभव होगा और भी यादगार, सुरक्षित और रोमांच से भरपूर।
Comments are closed.