बैतूल को विकास का मॉडल बनाने में जिला विकास सलाहकार समिति की अहम भूमिका : प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल
By,वामन पोटे
बैतूल को विकास का मॉडल बनाने में जिला विकास सलाहकार समिति की अहम भूमिका : प्रभारी मंत्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल
बैतूल 13 दिसंबर ।।
लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री एवं जिला विकास सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के समग्र विकास, जनहितकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और दीर्घकालीन विकास रोडमैप पर विस्तार से चर्चा की गई।
प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जिला विकास सलाहकार समिति जिले को विकास का मॉडल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाए। समिति को जनप्रतिनिधियों, नागरिकों और अन्य हितधारकों की आवश्यकताओं के अनुरूप योजनाएं तैयार करनी चाहिए, जिससे “विकसित भारत” और “विकसित मध्यप्रदेश” की परिकल्पना को साकार किया जा सके। उन्होंने जिले की परंपरागत भरेवा कला को “वोकल फॉर लोकल” के तहत राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने पर भी जोर दिया।
बैठक में शासकीय योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन, स्थानीय नवाचारों को योजनाओं का स्वरूप देने, रोजगार सृजन, उद्योग-व्यापार, कृषि, जल संरक्षण, खनिज, पर्यावरण और निर्यात को बढ़ावा देने संबंधी सुझावों पर चर्चा हुई। प्रभारी मंत्री ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में विगत दो वर्षों में राज्य सरकार एवं जिले की उपलब्धियों की जानकारी प्रेजेंटेशन के माध्यम से दी।
समिति सदस्यों ने बाल एवं मातृ मृत्यु दर में कमी के लिए एनीमिया रक्षण गतिविधियों को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में लागू करने, मक्का उत्पादन को बढ़ावा देने, नएगांव रोंढा बैराज को जिलेभर में मॉडल के रूप में अपनाने, किसानों को डीबीटी के माध्यम से लाभ राशि देने और निर्बाध बिजली आपूर्ति जैसे सुझाव दिए।
बैठक में आदि कर्मयोगी अभियान, जल संचय जन भागीदारी अभियान और ई-ऑफिस प्रणाली के सफल क्रियान्वयन के लिए जिला प्रशासन की सराहना की गई। बैठक में जिले के विधायक, जनप्रतिनिधि, जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी एवं समिति सदस्य उपस्थित रहे।
Comments are closed.