Madhya Pradesh Latest News

बकाया कर वसूली में सख्ती: मुलताई मेले से 15 लाख के झूले जब्त, नीलामी की चेतावनी

By,वामन पोटे

बकाया कर वसूली में सख्ती: मुलताई मेले से 15 लाख के झूले जब्त, नीलामी की चेतावनी

बैतूल 27 दिसंबर ।।
मुलताई में आयोजित मेले के दौरान नगर पालिका परिषद ने बकाया कर वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए झूला संचालकों पर बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से कर जमा नहीं करने वाले संचालकों के करीब 15 लाख रुपये मूल्य के झूले जब्त किए गए हैं। यह कार्रवाई शनिवार सुबह करीब 11 बजे की गई।
मुख्य नगरपालिका अधिकारी (सीएमओ) वीरेंद्र तिवारी के नेतृत्व में, सब इंजीनियर महेश शर्मा सहित नगर पालिका का पूरा अमला मेले में पहुंचा। अधिकारियों ने झूला संचालकों से बकाया कर की जानकारी ली और नियमानुसार पंचनामा बनाकर झूलों की जब्ती की प्रक्रिया पूरी की।
नगर पालिका के अनुसार, झूला संचालकों पर लाखों रुपये का कर बकाया था। इस संबंध में पहले कई बार नोटिस और मौखिक चेतावनी दी गई थी, लेकिन निर्धारित समय सीमा में राशि जमा नहीं की गई। इसके चलते नगर पालिका को यह कठोर कदम उठाना पड़ा।
सीएमओ वीरेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया कि झूला संचालकों को पहले ही तय समय में कर जमा करने के निर्देश दिए गए थे। यदि शेष बकाया राशि तय अवधि में जमा नहीं की गई, तो जब्त झूलों की नियमानुसार नीलामी की जाएगी।
कार्रवाई के बाद कुछ झूला संचालकों ने मौके पर ही आंशिक कर राशि जमा कर दी, जबकि अन्य ने शेष राशि जमा करने के लिए सोमवार तक का समय मांगा है। नगर पालिका अधिकारियों ने साफ कहा है कि समय सीमा के बाद किसी भी तरह की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।
इस कार्रवाई से मेले में हड़कंप मच गया। प्रशासन के इस कदम को अनुशासन कायम करने और राजस्व वसूली के लिहाज से अहम माना जा रहा है।

 

Comments are closed.