Madhya Pradesh Latest News

कलेक्टर सूर्यवंशी का राजस्व अमले पर सख्त प्रहार — लापरवाही बर्दाश्त नहीं , फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही नहीं चलेगी — कलेक्टर ने एक सप्ताह की डेडलाइन ठोकी

By,वामन पोटे

1️⃣ कलेक्टर सूर्यवंशी का राजस्व अमले पर सख्त प्रहार — लापरवाही बर्दाश्त नहीं
बैतूल 11 फरवरी।।
राजस्व वसूली की समीक्षा बैठक में कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने जिले की वर्तमान प्रगति को असंतोषजनक बताते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि राजस्व वसूली में किसी भी प्रकार की ढिलाई अब स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी तहसीलों को प्रतिदिन वसूली बढ़ाने के निर्देश देते हुए बकायादारों को तत्काल नोटिस जारी करने के आदेश दिए गए।
कलेक्टर ने टैक्स जमा नहीं करने वाले कॉलोनाइजरों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कुर्की जैसी विधिक प्रक्रिया तत्काल अपनाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि निर्धारित समय में राजस्व जमा नहीं करने वालों को किसी भी स्थिति में राहत नहीं दी जाएगी।
बैठक में डायवर्सन, नामांतरण और बंटवारा जैसे लंबित मामलों को प्राथमिकता से निपटाकर तुरंत राजस्व पोर्टल पर दर्ज करने के निर्देश दिए गए। सभी पटवारी और राजस्व निरीक्षकों को अपने-अपने क्षेत्रों के लंबित मामलों की सूची बनाकर समयसीमा में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया।
कलेक्टर सूर्यवंशी ने स्पष्ट किया कि राजस्व वसूली और प्रकरणों के निराकरण में सुधार नहीं होने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी राजस्व अमले को फील्ड में सक्रिय रहकर शासन के निर्देशों का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए। बैठक में एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह, तहसीलदार गोवर्धन पाठे, तहसीलदार सुश्री पूनम साहू सहित राजस्व अमला मौजूद रहा।

2️⃣ फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही नहीं चलेगी — कलेक्टर ने एक सप्ताह की डेडलाइन ठोकी
बैतूल11 फरवरी ।।
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी ने जिले में फार्मर रजिस्ट्री कार्य को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए आगामी सप्ताह तक शत-प्रतिशत पंजीयन पूरा करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिक योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए फार्मर रजिस्ट्री का पूर्ण और त्रुटिरहित होना बेहद जरूरी है।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी संबंधित अधिकारी और मैदानी अमला तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करें। लंबित प्रकरणों का त्वरित निराकरण कर पोर्टल पर सही और पूर्ण जानकारी दर्ज की जाए। साथ ही यह भी सुनिश्चित किया जाए कि जिले का कोई भी पात्र किसान पंजीयन से वंचित न रहे।
उन्होंने कहा कि फार्मर रजिस्ट्री में लापरवाही करने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी और कार्य की नियमित समीक्षा कर प्रगति की निगरानी की जाएगी। प्रशासनिक स्तर पर इस अभियान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए हैं।

3️⃣ सुरक्षित इंटरनेट दिवस पर जागरूकता की बड़ी मुहिम — छात्रों को साइबर अपराध से बचाव का पाठ
बैतूल 11 फरवरी ।।
सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जिला सूचना विज्ञान केंद्र, बैतूल द्वारा साइबर सुरक्षा और डिजिटल जागरूकता को लेकर व्यापक कार्यशालाओं का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस जे.एच. कॉलेज, शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज और कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित हुआ।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यशाला में जिला कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी, जिला पंचायत सीईओ श्री अक्षत जैन, अपर कलेक्टर श्रीमती वंदना जाट सहित जिले के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। कॉलेज परिसरों में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता कर साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं की जानकारी प्राप्त की।
जिला सूचना विज्ञान अधिकारी श्रीमती रचना श्रीवास्तव ने इंटरनेट और मोबाइल के सुरक्षित उपयोग, मजबूत पासवर्ड, ओटीपी की गोपनीयता, फर्जी लिंक और साइबर ठगी से बचाव जैसे विषयों पर विस्तार से मार्गदर्शन दिया। अधिकारियों ने सोशल मीडिया के जिम्मेदार उपयोग और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सतर्कता बरतने की अपील की।
कार्यशाला का उद्देश्य नागरिकों और विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के लिए जागरूक बनाना और डिजिटल तकनीक के सुरक्षित उपयोग को बढ़ावा देना रहा।

4️⃣ रेत-गिट्टी माफिया पर प्रशासन का शिकंजा — दो अवैध वाहन जब्त
बैतूल 11 फरवरी ।।
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के निर्देश पर जिले में अवैध खनन, परिवहन और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खनिज विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो वाहनों को जब्त किया है।
खनिज निरीक्षक द्वारा खनिज अमले के साथ किए गए आकस्मिक निरीक्षण में मुलताई क्षेत्र के ग्राम दुनावा के पास रेत का अवैध परिवहन करते हुए ट्रैक्टर क्रमांक एमपी 28 एडी 1922 को जब्त कर पुलिस चौकी दुनावा की अभिरक्षा में खड़ा कराया गया। वहीं साईंखेड़ा क्षेत्र में गिट्टी के अवैध परिवहन में संलिप्त डंपर क्रमांक एमपी 04 एचई 5743 को जब्त कर पुलिस थाना साईंखेड़ा में सुरक्षित रखा गया है।
खनिज विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध उत्खनन और परिवहन के विरुद्ध कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। जब्त वाहनों के खिलाफ मध्यप्रदेश खनिज अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण निवारण नियम 2022 के तहत प्रकरण दर्ज कर न्यायालय अपर कलेक्टर बैतूल में प्रस्तुत किए जा रहे हैं।

5️⃣ सामुदायिक वन अधिकारों पर दो दिवसीय मंथन — अधिकारियों को कानूनी प्रशिक्षण
बैतूल11फरवरी ।।
मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग द्वारा सामुदायिक वन संसाधन प्रबंधन विषय पर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन जिला पंचायत सभा कक्ष में किया गया। यह प्रशिक्षण अनुसूचित जनजाति एवं अन्य परम्परागत वन निवासी (वन अधिकारों की मान्यता) अधिनियम 2006 तथा उसके नियमों के प्रभावी क्रियान्वयन के उद्देश्य से आयोजित किया गया।
कलेक्टर श्री नरेन्द्र कुमार सूर्यवंशी के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स श्री रितेश देशमुख, सुश्री रेखा गुजरे और सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य विभाग श्री विवेक पाण्डेय ने उपखण्ड स्तरीय वन अधिकार समितियों के शासकीय सदस्यों और जिला स्तरीय मास्टर ट्रेनर्स को प्रशिक्षण दिया।
कार्यक्रम में सामुदायिक वन अधिकारों के दावे प्रस्तुत करने, सत्यापन, स्वीकृति अथवा अस्वीकृति की प्रक्रिया तथा धारा 3(1)(i) के अंतर्गत सामुदायिक वन संसाधनों के संरक्षण एवं प्रबंधन से जुड़े अधिकारों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रतिभागियों को संबंधित पुस्तिकाएं और मार्गदर्शिकाएं भी वितरित की गईं।

Comments are closed.