महाशिवरात्रि मेले से पहले प्रशासन अलर्ट, छोटा महादेव में सुरक्षा–सुविधाओं का फुल एक्शन प्लान, जनसुनवाई में अफसरों को सख्त संदेश, लंबित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश
By,वामन पोटे
🔴 खबर 1
महाशिवरात्रि मेले से पहले प्रशासन अलर्ट, छोटा महादेव में सुरक्षा–सुविधाओं का फुल एक्शन प्लान
बैतूल 10 फरवरी ।।
महाशिवरात्रि के अवसर पर रानीपुर स्थित प्राचीन छोटा महादेव मंदिर में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन ने मंगलवार को मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पहुंच मार्गों पर झाड़ियों की कटाई, सड़क मरम्मत और समतलीकरण के निर्देश दिए गए ताकि वाहनों का आवागमन सुचारू रहे। पार्किंग स्थलों पर संकेतक बोर्ड लगाने और ट्रैफिक नियंत्रण के लिए पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।
मंदिर परिसर में दर्शन व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने तय मार्ग से ही श्रद्धालुओं के आवागमन को अनिवार्य करने, पहाड़ी मार्गों पर बेरिकेडिंग लगाने और चेतावनी बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए। भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस व होमगार्ड जवान तैनात रहेंगे।
इसके अलावा मेला क्षेत्र में प्राथमिक चिकित्सा सुविधा, पेयजल व्यवस्था और दुकानों को मुख्य मार्ग से दूरी पर लगाने के निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने सभी विभागों को समन्वय से काम करने को कहा ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
निरीक्षण के दौरान वरिष्ठ समाजसेवी अनिल गर्ग, पीडब्ल्यूडी ईई प्रीति पटेल, जिला खनिज अधिकारी मनीष पालीवाल, थाना प्रभारी बबीता धुर्वे सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
🔴 खबर 2
जनसुनवाई में अफसरों को सख्त संदेश, लंबित शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई के निर्देश

बैतूल 10 फरवरी ।।
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में मंगलवार को आयोजित जनसुनवाई में जिला पंचायत सीईओ अक्षत जैन ने नागरिकों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही निराकरण कराया। जनसुनवाई में राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली, पानी और रोजगार से जुड़े कुल 136 आवेदन प्राप्त हुए।
सीईओ श्री जैन ने शेष मामलों में समय-सीमा तय करते हुए संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। अपर कलेक्टर वंदना जाट भी जनसुनवाई में मौजूद रहीं और नागरिकों की समस्याएं सुनीं।
ग्राम मालीतिपटी निवासी दिनेश हनोते ने अनुग्रह सहायता राशि की मांग की, जिस पर श्रम अधिकारी को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए गए। ग्राम बगवाड़ निवासी कमला उईके ने संबल योजना अंतर्गत सहायता राशि के लिए आवेदन दिया। ग्राम कतिया कोयलारी निवासी राजेंद्र ने पीएम आवास की किस्त नहीं मिलने की शिकायत की, जबकि ग्राम खेड़ीसावलीगढ़ निवासी नीमा मांडवे ने रोजगार उपलब्ध कराने की मांग रखी। सभी मामलों में संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
🔴 खबर 3
युवाओं के लिए बड़ा मौका, 13 फरवरी को सारणी में रोजगार व अप्रेंटिसशिप महामेला
बैतूल 10 फरवरी ।।
मध्यप्रदेश शासन के तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग तथा सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम विभाग के संयुक्त तत्वावधान में युवा संगम कार्यक्रम के अंतर्गत रोजगार, स्वरोजगार एवं प्रधानमंत्री नेशनल अप्रेंटिसशिप रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा।
यह मेला 13 फरवरी को सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक वीर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी श्री सरदार विष्णु सिंह उईके शासकीय महाविद्यालय, सारणी में आयोजित होगा। आयोजन के लिए जिला रोजगार अधिकारी को नोडल अधिकारी तथा प्राचार्य शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्था आईटीआई बैतूल को सह नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है।
रोजगार मेले में युवाओं को निजी कंपनियों, उद्योगों और प्रशिक्षण संस्थानों से सीधे जुड़ने का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें रोजगार और अप्रेंटिसशिप के बेहतर अवसर प्राप्त हो सकेंगे।
Comments are closed.