Madhya Pradesh Latest News

बैतूल में 3.59 करोड़ के 24 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, सामुदायिक भवनों से गांवों में बढ़ेगी सामाजिक और आर्थिक गतिविधियां, खंडेलवाल

By, वामन पोटे

बैतूल में 3.59 करोड़ के 24 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन, सामुदायिक भवनों से गांवों में बढ़ेगी सामाजिक और आर्थिक गतिविधियां, खंडेलवाल
बैतूल 14 फरवरी // बैतूल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में विकास को गति देने के उद्देश्य से शनिवार को 3 करोड़ 59 लाख रुपए की लागत से स्वीकृत 24 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन किया गया। मुख्यमंत्री विशेष निधि से स्वीकृत इन कार्यों का भूमिपूजन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने केंद्रीय राज्य मंत्री दुर्गादास उइके के साथ बारहवीं, खंडारा और खेड़ी सांवलीगढ़ ग्रामों में आयोजित कार्यक्रमों के दौरान किया।
इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल ने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में गांवों और शहरों के चहुंमुखी विकास के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उद्देश्य केवल आधारभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि जन-जन की समृद्धि सुनिश्चित करना भी है।
20 से अधिक गांवों में बनेंगे आधुनिक सामुदायिक भवन
भूमिपूजन किए गए 24 कार्यों में से 20 सर्वसुविधायुक्त सामुदायिक भवनों का निर्माण प्रमुख है। इन भवनों पर लगभग 3 करोड़ 8 लाख रुपए खर्च किए जाएंगे। यह सामुदायिक भवन बारहवीं, सोहागपुर, सेलगांव, नाहिया, बघौली गोरखार, दीवान चारसी, नीमझिरी, कन्नड़गांव, भैंसदेही, खेड़ली, लाखापुर, बघवाड़, बडोरा, पीपला, गोनीघाट, मंडई खुर्द, लापाझिरी, महदगांव और जामठी सहित विभिन्न ग्रामों में बनाए जाएंगे।
इसके अलावा अन्य महत्वपूर्ण निर्माण कार्यों में सोहागपुर में सपना नहर के पास 16 लाख रुपए की लागत से पुल, खंडारा में 15 लाख रुपए की लागत से मोक्षधाम घाट, खेड़ी सावलीगढ़ में चिंतामन बाबा स्थल पर 10 लाख रुपए से शेड और घाट निर्माण तथा कुम्हली ग्राम में 10 लाख रुपए की लागत से सीसी पुलिया और चौपाल निर्माण शामिल हैं।
ग्रामीणों को मिलेगा सामाजिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री खंडेलवाल ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में सामुदायिक भवनों के अभाव में सामाजिक, धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। इन भवनों के निर्माण से ग्रामीणों को एक स्थायी स्थान उपलब्ध होगा, जहां ग्राम सभाएं, सामाजिक कार्यक्रम, प्रशिक्षण और बैठकों का आयोजन किया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि इन भवनों का उपयोग स्व-सहायता समूहों की महिलाओं, युवाओं और किसानों के प्रशिक्षण कार्यक्रमों के लिए भी किया जा सकेगा। इससे ग्रामीण क्षेत्रों में सामाजिक समरसता बढ़ेगी और रोजगार से जुड़ी गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
विकास के क्षेत्र में अभूतपूर्व कार्य : दुर्गादास उइके
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री श्री उइके ने कहा कि केंद्र सरकार ने पिछले 11 वर्षों में विकास के क्षेत्र में ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का प्रभाव गांव-गांव तक दिखाई दे रहा है और ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से आधारभूत संरचना विकसित हो रही है।
उन्होंने पूर्व सांसद स्वर्गीय विजय कुमार खंडेलवाल का उल्लेख करते हुए कहा कि उन्होंने बैतूल के विकास की मजबूत नींव रखी थी और अब हेमंत खंडेलवाल उसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए जिले के समग्र विकास के लिए कार्य कर रहे हैं।
सिंचाई, पेयजल और सड़क नेटवर्क से औद्योगीकरण को मिलेगी गति
श्री खंडेलवाल ने बताया कि उनके प्रयासों से पारसडोह, घूघरी, गढ़ा और मेंढा सहित कई सिंचाई परियोजनाएं स्वीकृत हुई हैं, जिससे सिंचित क्षेत्र में लगातार वृद्धि हो रही है। मेंढा जलाशय आधारित लगभग 200 करोड़ रुपए की पेयजल योजना सहित अन्य परियोजनाओं के माध्यम से गांव-गांव तक शुद्ध पेयजल पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि बैतूल जिले में फोरलेन और टू-लेन सड़कों का जाल बिछाया जा रहा है और बिजली की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। इससे जिले में औद्योगीकरण की संभावनाएं बढ़ी हैं और भविष्य में बड़े उद्योग स्थापित होने से युवाओं को स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर मिलेंगे।
जनता से विकास कार्यों का मूल्यांकन करने की अपील
अपने संबोधन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने जनता से वर्तमान और पूर्व जनप्रतिनिधियों के कार्यों का विश्लेषण करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जनता को यह देखना चाहिए कि किस सरकार और जनप्रतिनिधि ने उनकी समस्याओं को समझकर जमीनी स्तर पर विकास कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि जो जनप्रतिनिधि ईमानदारी और निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, जनता को उनका समर्थन और सराहना करनी चाहिए।
कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधाकर पवार, जिला पंचायत उपाध्यक्ष हंसराज धुर्वे, जनपद उपाध्यक्ष कृष्णा लोखंडे, नगर परिषद उपाध्यक्ष सुरेश गायकवाड, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष महेश्वर सिंह चंदेल सहित जनप्रतिनिधि, पंचायत प्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इन निर्माण कार्यों के शुरू होने से बैतूल विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार होगा और सामाजिक, आर्थिक तथा सांस्कृतिक विकास को नई गति मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

Comments are closed.