बैतूल में प्रशासनिक योजनाओं को गति देने पर जोर, स्कूल-छात्रावास निर्माण से लेकर पर्यटन, शिक्षा, जनसुनवाई और सामाजिक अभियानों की समीक्षा
By, वामन पोटे
बैतूल में प्रशासनिक योजनाओं को गति देने पर जोर, स्कूल-छात्रावास निर्माण से लेकर पर्यटन, शिक्षा, जनसुनवाई और सामाजिक अभियानों की समीक्षा
1. स्कूल-छात्रावास की जमीन के मामले जल्द निपटाएं : सोनवणे
बैतूल, 18 अगस्त। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को जनजातीय कार्य विभाग की योजनाओं और निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने पेंशन, अनुकंपा नियुक्ति और अंतर्जातीय विवाह प्रोत्साहन योजना के लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। टंट्या मामा आर्थिक कल्याण और डॉ. भीमराव अंबेडकर स्वरोजगार योजना में कम प्रगति पर विशेष कार्ययोजना बनाने को कहा। बैंक स्तर पर शिविर लगाकर पात्र प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण कराने के निर्देश दिए गए। वन अधिकार अधिनियम के लंबित मामलों की नियमित समीक्षा और वन अधिकार पट्टों से संबंधित कार्य प्राथमिकता से पूरे करने को कहा।
2. बैतूल पर्यटन लोगो-फोटोग्राफी प्रतियोगिता की अंतिम तिथि बढ़ी
बैतूल, 18 अगस्त। जिले के पर्यटन स्थलों को देश-दुनिया तक पहुंचाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा आयोजित लोगो और फोटोग्राफी प्रतियोगिता की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 अगस्त कर दी गई है। प्रतियोगिता में जिले के प्राकृतिक, ऐतिहासिक, धार्मिक और दर्शनीय स्थलों के उच्च गुणवत्ता वाले फोटोग्राफ आमंत्रित किए गए हैं। इसके साथ ही बैतूल पर्यटन की पहचान दर्शाने वाले मौलिक लोगो भी जमा किए जा सकेंगे। प्रतिभागी एक लोगो और एक फोटोग्राफ भेज सकेंगे। प्रशासन के अनुसार प्रविष्टियां पूर्णतः मौलिक और कॉपीराइट मुक्त होना जरूरी है। चयनित प्रतिभागियों को पर्यटन कार्यक्रम के दौरान प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया जाएगा।
3. कन्या आश्रम पाढर में शिक्षकों ने सुधारी बिजली और रोशनी व्यवस्था
बैतूल, 18 अगस्त। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे के निर्देश पर जिले में चल रहे शिक्षा संजीवनी अभियान के तहत शासकीय विद्यालयों की मूलभूत सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है। इसी क्रम में माध्यमिक शाला कन्या आश्रम पाढर में पर्याप्त रोशनी और पंखों की आवश्यकता सामने आने पर शिक्षकों ने विद्यालय भवन में पंखे और ट्यूबलाइट लगवाए। इससे विद्यार्थियों को बेहतर प्रकाश और वेंटिलेशन की सुविधा मिलेगी। सहायक आयुक्त जनजातीय कार्य वत्सला शिवहरे ने बताया कि स्कूलों का लगातार निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जा रहे हैं। प्रशासन ने नागरिकों, शिक्षकों, पालकों और जनप्रतिनिधियों से अभियान में जनभागीदारी की अपील की है।
4. यूपीएससी सिविल सेवा कोचिंग के लिए 31 अगस्त तक आवेदन
बैतूल, 18 अगस्त। मध्यप्रदेश शासन के जनजातीय कार्य विभाग ने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी के लिए प्रतिष्ठित कोचिंग संस्थानों में प्रशिक्षण दिलाने 100 विद्यार्थियों के चयन के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इच्छुक विद्यार्थी एमपी ऑनलाइन के माध्यम से 31 अगस्त 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयन के लिए स्क्रीनिंग परीक्षा 6 सितंबर को भोपाल, इंदौर, जबलपुर और शहडोल में दोपहर दो से शाम चार बजे तक होगी। प्रवेश पत्र एक सितंबर के बाद संबंधित पोर्टल से डाउनलोड किए जा सकेंगे। योजना की पात्रता और नियमावली की जानकारी जनजातीय कार्य विभाग के पोर्टल तथा विभागीय कार्यालयों से प्राप्त की जा सकती है।
5. सिविल कोर्ट में हुआ ‘उल्लास’, कर्मचारियों और बच्चों ने दी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां
बैतूल, 18 अगस्त। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर बैतूल सिविल कोर्ट परिसर में ‘उल्लास : एक अभिनव प्रयोग’ के तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। अधिवक्तागण एवं न्यायिक कर्मचारी संघ तथा जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में न्यायिक कर्मचारियों और उनके बच्चों ने गीत, नृत्य, नाटक और वाद्य यंत्रों की प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश दिनेश चन्द्र थपलियाल के मार्गदर्शन में हुआ। कैरम, शतरंज, निबंध और रंगोली प्रतियोगिताओं के विजेताओं, उपविजेताओं और मेधावी विद्यार्थियों को शील्ड एवं प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिले के न्यायिक अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
6. जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनीं नागरिकों की समस्याएं, अधिकारियों को दिए निर्देश
बैतूल, 18 अगस्त। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मंगलवार को जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। राजस्व, भूमि विवाद, पेंशन, आवास, बिजली और पानी सहित विभिन्न मामलों के आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने कई प्रकरणों में अधिकारियों से चर्चा कर मौके पर निराकरण कराया, जबकि शेष मामलों के लिए समय-सीमा तय की। फसल बीमा, रास्ते के विवाद, राजस्व रिकॉर्ड में नाम सुधार, मुआवजा और सड़क-बिजली जैसी समस्याएं भी सामने आईं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि आवेदनों का त्वरित निराकरण करें, ताकि नागरिकों को बार-बार जनसुनवाई में नहीं आना पड़े। अपर कलेक्टर वंदना जाट सहित अधिकारी मौजूद रहे।
7. संत रविदास जयंती पर 20 अगस्त से निकलेगी कलश रथ यात्रा
बैतूल, 18 अगस्त। संत रविदास जी की 650वीं जयंती के अवसर पर मध्यप्रदेश में 20 अगस्त से 10 सितंबर तक समरसता संकल्प अभियान चलाया जाएगा। बैतूल जिले में निर्धारित मार्ग के अनुसार कलश रथ यात्रा निकाली जाएगी। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने अधिकारियों को आयोजन की आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। 20 अगस्त को जिला स्तर पर कलश वंदन एवं सम्मान समारोह होगा। इसके बाद कलश रथ रविदास मंदिरों और ग्रामों तक पहुंचेगा। यात्रा के दौरान सामूहिक आरती, गुरु वाणी पाठ, भजन-कीर्तन, सत्संग, प्रभात फेरी, झांकी और समरसता गोष्ठियों सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे।
8. भूमि आवंटन में देरी से प्रभावित हो रहे स्कूल-छात्रावास निर्माण : कलेक्टर
बैतूल, 18 अगस्त। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छात्रावास और अन्य निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गति लाने के साथ भूमि आवंटन से जुड़े लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने कहा कि भूमि आवंटन में देरी से स्कूल और छात्रावास जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य प्रभावित होते हैं, इसलिए इन मामलों का संवेदनशीलता और तत्परता से निराकरण किया जाए। उन्होंने आदर्श ग्राम योजना और आदि कर्मयोगी अभियान की भी समीक्षा की। साथ ही आदि सेवा केंद्रों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
यह भी पढ़ें