Madhya Pradesh Latest News

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के घर बजेगी शहनाई: शिवरात्रि पर वरद और आशी का रोका, खुशियों से गूंजा खंडेलवाल परिवार

By,वामन पोटे

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के घर बजेगी शहनाई: शिवरात्रि पर वरद और आशी का रोका, खुशियों से गूंजा खंडेलवाल परिवार
बैतूल 16 फरवरी ।। महाशिवरात्रि का पावन पर्व इस वर्ष हेमंत खंडेलवाल के परिवार के लिए विशेष सौगात लेकर आया। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल के पुत्र वरद खंडेलवाल का विवाह तय हो गया है। शिवरात्रि के शुभ अवसर पर वरद खंडेलवाल और आशी मिराणी के बीच पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ सादगीपूर्ण और भावनात्मक रोका समारोह संपन्न हुआ।
यह पारिवारिक आयोजन शहर के प्रतिष्ठित लैंडमार्क होटल परिसर स्थित मिराणी निवास में आयोजित किया गया, जहां दोनों परिवारों के चुनिंदा सदस्य और करीबी रिश्तेदार उपस्थित रहे। शुभ मुहूर्त में वरद और आशी ने परिवारजनों का आशीर्वाद लिया और पारंपरिक रस्मों के साथ उनके वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत का प्रतीक रोका संस्कार संपन्न हुआ।
वरद खंडेलवाल, जो भारतीय एग्रो क्लस्टर के डायरेक्टर हैं, का रिश्ता शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी एवं लैंडमार्क होटल के संचालक संजय मिराणी और ममता मिराणी की सुपुत्री आशी मिराणी के साथ तय हुआ है। यह रिश्ता केवल दो व्यक्तियों का नहीं, बल्कि दो प्रतिष्ठित परिवारों के स्नेह और विश्वास का सुंदर संगम माना जा रहा है।
रोका समारोह के दौरान वातावरण पूरी तरह भावनाओं और खुशियों से सराबोर रहा। परिवार के बुजुर्गों ने नवयुगल को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य, सुख, समृद्धि और सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। शिवरात्रि जैसे पवित्र और आध्यात्मिक पर्व पर इस शुभ रिश्ते का तय होना दोनों परिवारों के लिए विशेष महत्व रखता है और इसे भगवान शिव-पार्वती के आशीर्वाद का प्रतीक माना जा रहा है।
रिश्ते की खबर सामने आते ही खंडेलवाल और मिराणी परिवार को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया। जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, अधिकारियों, मित्रों और शुभचिंतकों ने फोन, संदेश और व्यक्तिगत मुलाकात के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं प्रेषित कीं। पूरे परिवार में उत्साह और आनंद का माहौल है।
परिवार के अनुसार विवाह की तिथि शीघ्र ही तय कर सार्वजनिक की जाएगी। इस शुभ अवसर ने न केवल दोनों परिवारों में, बल्कि उनके शुभचिंतकों और परिचितों के बीच भी उल्लास और प्रसन्नता की नई लहर पैदा कर दी है। आने वाले समय में खंडेलवाल परिवार में शहनाई की गूंज के साथ एक नए जीवन अध्याय की शुरुआत होगी।

Comments are closed.