पति की हत्या के बाद प्रेमी संग ढाबे पर रुकी पत्नी, CCTV फुटेज ने खोला खौफनाक राज
दतिया। मध्यप्रदेश के दतिया जिले में सामने आए एक सनसनीखेज हत्याकांड ने रिश्तों को शर्मसार कर दिया है। यहां एक पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की बेरहमी से हत्या कर दी और वारदात को अंजाम देने के कुछ ही देर बाद दोनों हाईवे किनारे एक ढाबे पर बैठकर आराम से खाना खाते रहे। पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। इस हत्याकांड का राज ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से खुला।
जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को चिरुला थाना क्षेत्र के फुलरा गांव के पास सड़क किनारे एक युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई थी। शव की हालत देखकर स्पष्ट था कि युवक की हत्या की गई है, क्योंकि उसकी गर्दन धारदार हथियार से काटी गई थी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की और मृतक की पहचान ग्वालियर जिले के अर्रोली गांव निवासी 32 वर्षीय कल्याण राणा के रूप में की।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को मृतक की पत्नी हेमलता पर शक हुआ। हेमलता दतिया में एक सरकारी छात्रावास में अधीक्षिका के पद पर कार्यरत है। पुलिस को यह भी जानकारी मिली कि हेमलता के अपने पड़ोसी अमित सूरी के साथ अवैध संबंध थे। इसी आधार पर पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की।
पूछताछ में जो खुलासा हुआ, वह बेहद चौंकाने वाला था। आरोपी पत्नी हेमलता ने स्वीकार किया कि उसने अपने प्रेमी अमित सूरी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। 18 फरवरी को उसने पति कल्याण को डबरा में आयोजित एक धार्मिक कथा में जाने का बहाना बनाकर अपने साथ कार में बैठाया। कार में प्रेमी अमित सूरी और एक सहेली भी मौजूद थी, लेकिन रास्ते में सहेली को उतार दिया गया।
इसके बाद कार में हेमलता और अमित ने मिलकर हत्या की योजना को अंजाम दिया। पहले हेमलता ने पति कल्याण का गला दबाया। जब उन्हें लगा कि वह अभी पूरी तरह मृत नहीं हुआ है, तो अमित सूरी ने कटर से उसकी गर्दन काट दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या करने के बाद दोनों ने शव को फुलरा गांव के पास सड़क किनारे फेंक दिया और वहां से फरार हो गए।
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे हैरान करने वाला पहलू यह रहा कि हत्या करने के कुछ ही देर बाद दोनों आरोपी हाईवे किनारे स्थित एक ढाबे पर पहुंचे और वहां करीब 45 मिनट तक बैठकर खाना खाते रहे। उन्हें इस बात का बिल्कुल भी अहसास नहीं था कि ढाबे में लगे सीसीटीवी कैमरे उनकी हर गतिविधि रिकॉर्ड कर रहे हैं।
जब पुलिस ने जांच के दौरान आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें हेमलता और अमित सूरी ढाबे पर दिखाई दिए। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हत्या का जो समय सामने आया, वह सीसीटीवी में दर्ज समय से मेल खाता था। इसके बाद पुलिस का शक यकीन में बदल गया और सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
पूछताछ में हेमलता ने बताया कि उसका पति कल्याण शराब पीने का आदी था और अक्सर उसके साथ मारपीट करता था। वह उसकी सैलरी के पैसे भी छीन लेता था, जिससे वह मानसिक रूप से परेशान थी। इसी कारण उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की साजिश बनाई।
फिलहाल पुलिस ने आरोपी पत्नी हेमलता और उसके प्रेमी अमित सूरी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच जारी है और घटना में इस्तेमाल कार व हथियार को भी जब्त कर लिया गया है। इस घटना ने एक बार फिर अवैध संबंधों और आपसी विवाद के चलते होने वाले अपराधों की गंभीरता को उजागर कर दिया है।
Comments are closed.