Madhya Pradesh Latest News

34 साल की शिक्षण सेवा के बाद प्राचार्य मधु कुमार माकोड़े को भावभीनी विदाई

By,वामन पोटे

34 साल की शिक्षण सेवा के बाद प्राचार्य मधु कुमार माकोड़े को भावभीनी विदाई
बैतूल ।।जनजाति कार्य विभाग अंतर्गत एकीकृत शासकीय हाई स्कूल खंडारा, विकासखंड घोड़ाडोंगरी में पदस्थ प्राचार्य मधु कुमार माकोड़े 34 वर्षों की लंबी और उत्कृष्ट शासकीय सेवा पूर्ण कर 28 फरवरी 2026 को सेवानिवृत्त हो गए। उनकी सेवानिवृत्ति पर विद्यालय परिसर में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया, जिसमें शिक्षा विभाग के अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और ग्रामीणों ने उनके योगदान को याद करते हुए सम्मानपूर्वक विदाई दी।
मधु कुमार माकोड़े ने अपने शिक्षकीय जीवन की शुरुआत रसायन शास्त्र के व्याख्याता के रूप में छत्तीसगढ़ के शासकीय उमावि भानुप्रतापपुर, जिला बस्तर से की थी। इसके बाद उन्होंने शासकीय आदर्श उमावि फरसगांव (जिला बस्तर), जिला बड़वानी तथा शासकीय कन्या उमावि चिचोली में अपनी सेवाएं दीं। वे पिछले 14 वर्षों से एकीकृत शासकीय हाई स्कूल खंडारा में प्राचार्य के पद पर पदस्थ रहते हुए विद्यालय के शैक्षणिक स्तर और अनुशासन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते रहे। उनके मार्गदर्शन में पढ़े अनेक छात्र-छात्राएं आज विभिन्न शासकीय एवं गैर-शासकीय उच्च पदों पर कार्यरत हैं, जो उनकी शिक्षण क्षमता और समर्पण का प्रमाण है।
विदाई समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में मंगल सिंह धुर्वे, विकासखंड शिक्षा अधिकारी दिनेश मानकर, शिक्षक संघ जिला बैतूल के सचिव मदन यादव, जनपद पंचायत घोड़ाडोंगरी सदस्य रेवाराम उईके, ग्राम सरपंच, सचिव, खंडारा संकुल के शिक्षक-शिक्षिकाएं और बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी वक्ताओं ने मधु कुमार माकोड़े की सेवाओं की सराहना करते हुए उन्हें एक अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और प्रेरणादायी शिक्षक बताया।
कार्यक्रम में रिटायर्ड प्रभारी प्राचार्य चिखलीमॉल आनंद साहू सहित सभी ने श्री माकोड़े के स्वस्थ, सुखद और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। समारोह के अंत में भावुक माहौल में उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

Comments are closed.