Madhya Pradesh Latest News

मोहब्बत में सारणी से उज्जैन  350 किमी का सफर, गर्लफ्रेंड के घर पहुंचकर युवक ने खुद को मारी गोली

By,वामन पोटे

मोहब्बत में सारणी से उज्जैन  350 किमी का सफर, गर्लफ्रेंड के घर पहुंचकर युवक ने खुद को मारी गोली

उज्जैन।। मध्य प्रदेश के उज्जैन शहर में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक दर्दनाक और सनसनीखेज घटना सामने आई है। बैतूल जिले के सारणी निवासी एक युवक ने अपनी गर्लफ्रेंड के घर पहुंचकर खुद को गोली मार ली, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना शनिवार शाम नीलगंगा थाना क्षेत्र की बंगाली कॉलोनी में हुई। युवक ने पहले घर में मौजूद परिजनों को कमरे में बंद किया और फिर घर के अहाते में जाकर अपनी ही पिस्टल से सीने में गोली चला दी।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान निखिल आहके के रूप में हुई है, जो बैतूल जिले के सारणी क्षेत्र का रहने वाला था। निखिल का उज्जैन की एक युवती से प्रेम संबंध था। बताया जा रहा है कि युवती दो दिन पहले ही अपने जीजा के घर उज्जैन आई थी। इस दौरान निखिल उससे लगातार संपर्क करने की कोशिश कर रहा था, लेकिन युवती उससे बात नहीं कर रही थी। इससे वह काफी परेशान और मानसिक रूप से तनाव में आ गया था।
इसी तनाव में निखिल ने बैतूल से उज्जैन तक करीब 350 किलोमीटर का लंबा सफर अपनी स्कूटी से तय किया। वह शनिवार शाम करीब 5:30 से 6 बजे के बीच बंगाली कॉलोनी स्थित युवती के जीजा के घर पहुंचा। उस समय घर में युवती, उसकी बहन, जीजा की पत्नी और एक छोटा बच्चा मौजूद थे। निखिल अचानक घर के अंदर घुस गया और परिजनों से कहा कि युवती उससे बात नहीं कर रही है और वह उससे मिलना चाहता है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार निखिल ने घर में मौजूद युवती की बहन और बच्चे को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह घर के अहाते में चला गया। युवती ने अपनी बहन के माध्यम से निखिल को वापस जाने के लिए कहा, लेकिन वह वहां से जाने को तैयार नहीं हुआ। कुछ ही देर बाद अचानक गोली चलने की आवाज सुनाई दी, जिससे घर में मौजूद लोग और आसपास के लोग दहशत में आ गए।
जब परिजन और पड़ोसी बाहर पहुंचे तो देखा कि निखिल जमीन पर खून से लथपथ पड़ा हुआ था। उसने अपनी पिस्टल से खुद के सीने में गोली मार ली थी। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में निखिल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील और सीएसपी दीपिका शिंदे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और वहां से एक स्कूटी और पिस्टल जब्त की। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
सीएसपी दीपिका शिंदे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि युवक के पास पिस्टल कहां से आई और उसने किन परिस्थितियों में यह आत्मघाती कदम उठाया। साथ ही युवती और उसके परिजनों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं।
इस घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है। एकतरफा प्रेम और मानसिक तनाव के कारण उठाए गए इस कदम ने एक युवक की जान ले ली और परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।

Comments are closed.