Madhya Pradesh Latest News

सुरभि खंडेलवाल के निधन पर शोक जताने बैतूल पहुंच रहे प्रदेश के दिग्गज नेता

By,वामन पोटे

सुरभि खंडेलवाल के निधन पर शोक जताने बैतूल पहुंच रहे प्रदेश के दिग्गज नेता
बैतूल, 12 मार्च।।
मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद बैतूल में शोक का माहौल बना हुआ है। प्रदेश के कई वरिष्ठ नेता और जनप्रतिनिधि लगातार बैतूल पहुंचकर शोकाकुल परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। गुरुवार को भी प्रदेश के तीन वरिष्ठ नेता बैतूल पहुंच रहे है ,और खंडेलवाल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कीं।
प्रदेश के लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह गुरुवार शाम करीब 4 बजे बैतूल पहुंचेंगे। वे सीधे खंडेलवाल निवास पहुंचकर परिवारजनों से मुलाकात करेंगे और दिवंगत सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
इसी तरह मध्यप्रदेश के जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट भी बैतूल आ रहे है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार उन्होंने खंडेलवाल निवास पहुंचकर शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दी। मुलाकात के बाद वे दोपहर 1:30 बजे बैतूल से भोपाल के लिए रवाना हुए और शाम लगभग 4:30 बजे भोपाल पहुंचने का कार्यक्रम रहा।
वहीं प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा भी गुरुवार सुबह भोपाल से राष्ट्रीय राजमार्ग-46 के रास्ते बैतूल के लिए रवाना हुए। वे सुबह लगभग 10 बजे बैतूल पहुंचे और खंडेलवाल निवास पहुंचकर परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दिवंगत सुरभि खंडेलवाल को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए परिवार को ढांढस बंधाया। शोक संवेदना व्यक्त करने के बाद डॉ. मिश्रा सुबह 10:30 बजे बैतूल से वापस भोपाल के लिए रवाना हो गए और दोपहर करीब 1 बजे भोपाल पहुंचने का कार्यक्रम रहा।
गौरतलब है कि हेमंत खंडेलवाल की पुत्री सुरभि खंडेलवाल का 11 मार्च को आकस्मिक निधन हो गया था। उनके निधन की खबर से न केवल बैतूल बल्कि पूरे प्रदेश में शोक की लहर दौड़ गई। सुरभि खंडेलवाल के निधन के बाद से लगातार जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता बैतूल पहुंचकर शोकाकुल परिवार के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट कर रहे हैं।
खंडेलवाल निवास पर शोक व्यक्त करने वालों का सिलसिला लगातार जारी है। प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से लोग पहुंचकर दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना कर रहे हैं और परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य रखने की शक्ति देने की कामना कर रहे हैं।

Comments are closed.