Madhya Pradesh Latest News

मुलताई में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से टकराई स्कूटी, दो युवकों की मौत; चालक पर लापरवाही का आरोप

By,वामन पोटे

मुलताई में दर्दनाक सड़क हादसा: ट्रक से टकराई स्कूटी, दो युवकों की मौत; चालक पर लापरवाही का आरोप
बैतूल 16 मार्च ।। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के मुलताई में नागपुर रोड पर रविवार देर रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। यह दुर्घटना थावरिया नाला के पास वीआईपी स्कूल के नजदीक हुई, जहां एक स्कूटी ट्रक से टकरा गई। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
मृतकों की पहचान खेड़ी देवगांव निवासी 18 वर्षीय बारीक उर्फ हेमराज धुर्वे और उसके साथी सुखदेव कहार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार हेमराज मुलताई के एक रेस्टोरेंट में काम करता था। रविवार शाम करीब 5 बजे उसने अपने पिता को फोन कर बताया था कि वह अपने दोस्त सुखदेव के साथ स्कूटी से मुलताई से अपने गांव लौट रहा है।
दोनों युवक नागपुर रोड से अपने गांव की ओर जा रहे थे। इसी दौरान रविवार रात करीब 11 बजे करीब थावरिया नाला के पास उनकी स्कूटी सामने चल रहे एक ट्रक से जा टकराई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रक क्रमांक आरजे-14 जीई 0676 के चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया जा रहा है।
बताया जा रहा है कि ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए, जिससे पीछे से आ रही स्कूटी सीधे ट्रक से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को मुलताई के सरकारी अस्पताल पहुंचाया।
अस्पताल में जांच के बाद डॉक्टरों ने सुखदेव कहार को मृत घोषित कर दिया। वहीं हेमराज धुर्वे को सिर, जांघ, पेट और हाथ में गंभीर चोटें आई थीं। उसकी हालत गंभीर होने के कारण परिजन उसे बेहतर इलाज के लिए एम्बुलेंस से नागपुर ले जा रहे थे।
हालांकि नागपुर ले जाते समय रास्ते में मल्हारा पंखा के पास हेमराज ने भी दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद दोनों परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई है।
मृतक हेमराज के पिता ने ट्रक चालक पर तेज गति और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने इस मामले में शिकायत दर्ज कर ली है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटना के कारणों की भी जांच की जा रही है।

Comments are closed.