Madhya Pradesh Latest News

बैलगाड़ी पर सवार होकर गांव पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ को दी गति, बैतूल और भैंसदेही विधान सभा के छुटभैया नेताओं को लेकर नाराजगी

By,वामन पोटे

बैलगाड़ी पर सवार होकर गांव पहुंचे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ को दी गति
बैतूल 13 अप्रैल ।। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष और बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ के तहत रविवार को घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों का दौरा कर जनसंपर्क अभियान को नई गति दी। इस दौरान उनका अनोखा अंदाज उस समय देखने को मिला जब वे ग्राम चिरापाटला में बैलगाड़ी पर सवार होकर पहुंचे। उनके इस सादगीपूर्ण और पारंपरिक रूप ने ग्रामीणों का ध्यान आकर्षित किया और क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया।
जानकारी के अनुसार, खंडेलवाल ने घोड़ाडोंगरी विधानसभा क्षेत्र के चिरापाटला सहित आसपास के कई गांवों का भ्रमण किया। बैलगाड़ी में सवार होकर गांव में प्रवेश करते हुए उन्होंने ग्रामीण जीवनशैली और परंपराओं के प्रति अपने जुड़ाव का संदेश दिया। गांव पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने पारंपरिक रीति-रिवाजों, ढोल-नगाड़ों और फूल-मालाओं के साथ उनका भव्य स्वागत किया, जिससे माहौल उत्सवमय हो गया।
दौरे के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद स्थापित किया। उन्होंने लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके निराकरण के लिए ठोस प्रयास करने का भरोसा दिलाया। साथ ही, उन्होंने सार्वजनिक स्थलों पर साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश भी दिया और लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने स्थानीय धार्मिक एवं सामाजिक स्थलों का भी दौरा कर जनसंपर्क को और मजबूत किया।
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए खंडेलवाल ने कहा कि ‘गांव-बस्ती चलो अभियान’ का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचना, उसकी समस्याओं को समझना और उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल करना है। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियां हमेशा से गांव, गरीब, किसान और वंचित वर्ग के उत्थान पर केंद्रित रही हैं और पार्टी इसी दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
उन्होंने आगे कहा कि किसी भी जनप्रतिनिधि की असली ताकत उसकी सादगी और जनता के बीच उसकी सक्रिय मौजूदगी होती है। जब जनप्रतिनिधि सीधे लोगों के बीच जाकर संवाद करता है, तभी वास्तविक समस्याओं की पहचान और समाधान संभव हो पाता है।
खंडेलवाल ने पार्टी कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं और संगठन को और अधिक मजबूत करें।
इस दौरान क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि, पार्टी पदाधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। भाजपा का यह अभियान गांव-गांव तक पहुंचकर संवाद और विश्वास को मजबूत करने पर केंद्रित है।
इधर घोड़ाडोडगरी विधान सभा क्षेत्र में बैतूल विधान सभा और भैंसदेही विधान सभा के दलाल नुमा नेताओं को लेकर आम जन खासे नाराज दिखे कई तो इन नेताओं को सीधे साधे आदिवासी विधान सभा क्षेत्र की राजनीति में अतिक्रमण करने को लेकर लताड़ते भी नजर आए ।
Leave A Reply

Your email address will not be published.