सरकारी हलचल ! रात की चौपाल, कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं; आंगनवाड़ी में भोजन अनियमित मिलने पर समूह हटाने के निर्देश
By,वामन पोटे
सरकारी हलचल !
रात की चौपाल, कलेक्टर ने सुनीं समस्याएं; आंगनवाड़ी में भोजन अनियमित मिलने पर समूह हटाने के निर्देश
बैतूल, 15 मई ।। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के आठनेर विकासखंड के दूरस्थ आदिवासी ग्राम छिंदवाड़ में शुक्रवार रात आयोजित चौपाल में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही त्वरित समाधान के निर्देश दिए। सिंचाई, पेयजल, सड़क, बिजली, राशन, शिक्षा और आंगनवाड़ी जैसी मूलभूत सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई।
कलेक्टर ने ग्रामीणों को आश्वस्त किया कि मेढ़ा परियोजना के माध्यम से क्षेत्र में सिंचाई और पेयजल की स्थायी व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने जल संसाधन विभाग को माडू नदी के कैचमेंट क्षेत्र का सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही ग्राम पंचायत को माडू नदी पर चेकडैम और बैराज निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने को कहा। पूरे छिंदवाड़ ग्राम के लिए समग्र जलग्रहण योजना (कॉम्प्रिहेंसिव वाटरशेड प्लान) तैयार करने के निर्देश भी दिए गए, ताकि वर्षाजल संरक्षण और भूजल संवर्धन को बढ़ावा मिल सके।
ग्रामीणों ने मोरुढाना गांव तक सड़क नहीं होने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने तीन किलोमीटर लंबे सड़क मार्ग के लिए प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए। शीरीधाना से हिडली मार्ग पर पुलिया निर्माण की मांग पर भी ब्लॉक इंजीनियर को अनुमान तैयार करने को कहा गया। सांदीपनी स्कूल जाने वाले मार्ग की खराब स्थिति को लेकर अधिकारियों को आवश्यक सुधार कार्य शीघ्र कराने के निर्देश दिए गए।
राशन वितरण व्यवस्था की समीक्षा के दौरान अधिकांश ग्रामीणों ने बताया कि सार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उन्हें नियमित राशन मिल रहा है। हालांकि मोरुढाना में अधिक लोड के कारण राशन वाहन नहीं पहुंचने की समस्या सामने आई। इस पर खाद्य विभाग को ऐसे सभी गांवों की सूची तैयार कर स्थायी समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।
मोरुढाना में पेयजल संकट के समाधान के लिए मोटर लगाकर पानी की आपूर्ति किए जाने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने पात्र हितग्राहियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी देकर आवेदन करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बताया कि वनाधिकार पट्टाधारियों (एफआरए) को भी ई-टोकन पोर्टल के माध्यम से खाद उपलब्ध कराने की व्यवस्था है।
बिजली व्यवस्था को लेकर ग्रामीणों ने स्कूल के सामने ट्रांसफार्मर लाइन होने और अलग फीडर नहीं होने की समस्या बताई। मध्य प्रदेश विद्युत मंडल के अधिकारियों ने बताया कि सर्वे पूरा हो चुका है और वन विभाग से अनुमति मिलने के बाद सात गांवों में 32 किलोमीटर लंबाई के फीडर सेपरेशन का कार्य कराया जाएगा। कलेक्टर ने इस कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए।
रात्रि चौपाल में दिव्यांग बलराम दुलीचंद ने आधार कार्ड नहीं बनने की समस्या बताई। इस पर कलेक्टर ने तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। कपिलधारा कूप की मांग करने वाले पात्र ग्रामीणों के नाम दर्ज कर लाभ दिलाने को कहा गया। ग्राम पंचायत मोरुढाना में सामुदायिक भवन निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश भी दिए गए।
रगड़गांव निवासी मनीराम ने नामांतरण संबंधी विवाद उठाया, जिस पर एसडीएम को न्यायालयीन सुनवाई कर शीघ्र समाधान करने के निर्देश दिए गए। मोरुढाना स्थित आश्रम शाला की जर्जर स्थिति पर बताया गया कि पंचायत के माध्यम से मरम्मत कार्य कराया जा रहा है। प्लासपानी के स्कूल भवन की मरम्मत के लिए भी प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए गए।
हिडली बाजार मार्ग पर ठेकेदार द्वारा रेस्टोरेशन कार्य नहीं करने की शिकायत पर संबंधित ठेकेदार को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं मोरुढाना आंगनवाड़ी में बच्चों को नियमित भोजन नहीं मिलने की शिकायत को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर ने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को नोटिस जारी करने और संबंधित स्व-सहायता समूह को हटाने के निर्देश दिए।
चौपाल के समापन पर कलेक्टर ने छिंदवाड़ स्थित आंगनवाड़ी भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान सहायक कलेक्टर पुष्पराज खोट, एसडीएम अजीत मरावी, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इंदिरा महतो, जनपद पंचायत सीईओ, तहसीलदार और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।