Madhya Pradesh Latest News

प्रशासनिक हलचल ! जनसुनवाई में सुनी गईं आमजन की समस्याएं, पीएम आवास और आंगनवाड़ी निर्माण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, मलेरिया जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

By, वामन पोटे

प्रशासनिक हलचल

1. पीएम आवास और आंगनवाड़ी निर्माण में लापरवाही पर होगी कार्रवाई

बैतूल, 03 जून 2026। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा बैठक में पीएम आवास, आंगनवाड़ी भवन निर्माण और जल संरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि खनिज मद से पूर्ण कार्यों के प्रमाण पत्र तीन दिन में जारी किए जाएं। पीएम आवास योजना में कम प्रगति वाले जनपदों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों के वेतन रोकने के निर्देश दिए। पेयजल समस्याओं का 15 दिन में समाधान तथा सभी निर्माण कार्य जून अंत तक पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए।

2. रेशम समृद्धि योजना के लिए ऑनलाइन आवेदन शुरू

बैतूल, 03 जून 2026। जिले के किसानों के लिए रेशम समृद्धि योजना के तहत ऑनलाइन पंजीयन प्रक्रिया शुरू हो गई है। रेशम संचालनालय द्वारा संचालित इस योजना में एक एकड़ या अधिक निजी भूमि वाले किसान मलबरी पौधारोपण और रेशम कृमिपालन के लिए आवेदन कर सकते हैं। विभाग चयनित किसानों को तकनीकी मार्गदर्शन और आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराएगा। इच्छुक किसान ई-रेशम पोर्टल अथवा निकटस्थ रेशम केंद्रों के माध्यम से पंजीयन करा सकते हैं। विभाग ने किसानों से इस आयवर्धक योजना का लाभ उठाने की अपील की है।

3. जनसुनवाई में सुनी गईं आमजन की समस्याएं

बैतूल, 03 जून 2026। अपर कलेक्टर

श्रीमती वंदना जाट ने कलेक्ट्रेट में आयोजित जनसुनवाई में नागरिकों की समस्याएं सुनीं। राजस्व, सीमांकन, अतिक्रमण, पेंशन, आवास और भूमि विवाद से जुड़े कई आवेदन प्राप्त हुए। कई मामलों का मौके पर निराकरण किया गया, जबकि शेष मामलों में संबंधित अधिकारियों को समय-सीमा में कार्रवाई के निर्देश दिए गए। काली मंदिर परिसर से अतिक्रमण हटाने, सीमांकन कराने, जाति वैधता प्रमाण पत्र जारी करने और भूमि पट्टा संबंधी प्रकरणों के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

4. मलेरिया जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी

बैतूल, 03 जून 2026। स्वास्थ्य विभाग ने मलेरिया निरोधक माह की शुरुआत करते हुए मलेरिया जागरूकता रथ को रवाना किया। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज हुरमाड़े ने बताया कि 1 से 30 जून तक यह रथ ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर लोगों को मलेरिया से बचाव के उपाय बताएगा। रथ में बुखार की जांच, रक्त नमूना संग्रह और उपचार की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। विभाग ने नागरिकों से घरों के आसपास पानी जमा न होने देने और मच्छरदानी का उपयोग करने की अपील की है।

5. जिला स्तरीय रोजगार मेला 6 जून को

बैतूल, 03 जून 2026। जिला पंचायत परिसर में 6 जून को जिला स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन और प्रदान संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस मेले में ट्राइडेंट बुधनी कंपनी युवाओं का चयन करेगी। 18 से 25 वर्ष आयु वर्ग के फ्रेशर अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकेंगे। चयनित युवाओं को लगभग 18 हजार रुपए प्रतिमाह वेतन मिलेगा। अभ्यर्थियों को आधार कार्ड, पैन कार्ड, शैक्षणिक प्रमाण-पत्र और बैंक पासबुक साथ लानी होगी।

6. बिजली उपभोक्ताओं की समस्याओं के समाधान के लिए शिविर 5 जून को

बैतूल, 03 जून । मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी द्वारा संपर्क अभियान के तहत 5 जून को कुनबी मंगल भवन, इटारसी रोड पर विशेष शिविर आयोजित किया जाएगा। शिविर में पटेल वार्ड, भगत सिंह वार्ड और शास्त्री वार्ड के उपभोक्ताओं की बिजली संबंधी शिकायतों का निराकरण किया जाएगा। कंपनी प्रबंधन ने उपभोक्ताओं से शिविर में उपस्थित होकर बिल, कनेक्शन और अन्य विद्युत समस्याओं का समाधान कराने की अपील की है।
7. बैतूल बाजार में आज लगेगा विशेष स्वास्थ्य शिविर

बैतूल, 03 जून 2026। जनजातीय कार्य मंत्रालय की स्वीकृति से जिले में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों की श्रृंखला के तहत आज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैतूल बाजार में विशेष शिविर लगाया जाएगा। शिविर में स्त्री रोग, शिशु रोग, नेत्र, ईएनटी, दंत एवं मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों द्वारा जांच की जाएगी। साथ ही आयुष्मान कार्ड, डिजिटल हेल्थ आईडी, मलेरिया, टीबी और सिकल सेल स्क्रीनिंग सहित विभिन्न जांच सुविधाएं उपलब्ध रहेंगी। स्वास्थ्य विभाग ने आमजन से शिविर का लाभ लेने की अपील की है।
8. मुलताई क्षेत्र में खाद का पर्याप्त भंडार उपलब्ध

बैतूल, 03 जून 2026। खरीफ सीजन को देखते हुए मुलताई तहसील में किसानों के लिए पर्याप्त मात्रा में उर्वरकों की उपलब्धता सुनिश्चित की गई है। कृषि विभाग के अनुसार सहकारी समितियों, डबल लॉक केंद्रों और निजी विक्रेताओं के पास कुल 2496.365 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध है। इसमें यूरिया, डीएपी, एनपीके, एसएसपी और पोटाश शामिल हैं। किसानों को ई-विकास प्रणाली के तहत ई-टोकन के माध्यम से खाद वितरित किया जा रहा है।
9. एक सप्ताह में बांटी जाएं साइकिल, गणवेश और पुस्तकें

बैतूल, 03 जून 2026। कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में निर्देश दिए कि स्कूल खुलने के एक सप्ताह के भीतर सभी पात्र विद्यार्थियों को साइकिल, गणवेश और पाठ्य पुस्तकें वितरित की जाएं। उन्होंने 9वीं से 12वीं तक शत-प्रतिशत नामांकन, अपार आईडी निर्माण और छात्रवृत्ति प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर जोर दिया। ई-अटेंडेंस को अनिवार्य बताते हुए कलेक्टर ने कहा कि उपस्थिति दर्ज नहीं करने वाले शिक्षकों के वेतन आहरण पर रोक लगाई जाएगी।
10. खाद-बीज भंडार के निरीक्षण में अभिलेखों की जांच

बैतूल, 03 जून 2026। एसडीएम डॉ. अभिजीत सिंह ने ग्राम खंडारा स्थित मां दुर्गा खाद-बीज भंडार एवं कृषि सेवा केंद्र का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान खाद और बीज के स्टॉक, विक्रय पंजी, स्टॉक रजिस्टर तथा लाइसेंस संबंधी दस्तावेजों की जांच की गई। उन्होंने संचालक को किसानों को निर्धारित दर पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उपलब्ध कराने और सभी अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए। एसडीएम ने चेतावनी दी कि किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave A Reply

Your email address will not be published.