बैतूल जिले की हलचल 16 खबर, सीएमओ के औचक निरीक्षण में कई कर्मचारी अनुपस्थित, वेतन कटौती के निर्देश,पंचायत में निर्माण कार्यों पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल,कांग्रेस की बैठक में संगठन मजबूती पर जोर,. 8 हजार के कर्ज पर डेढ़ लाख मांगने का आरोप
By, वामन पोटे
1. सीएमओ के औचक निरीक्षण में कई कर्मचारी अनुपस्थित, वेतन कटौती के निर्देश
बैतूल 3 जून //बैतूल नगर पालिका में सीएमओ नवनीत पाण्डेय ने विभिन्न शाखाओं का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ कर्मचारी बिना सूचना अनुपस्थित मिले, जिस पर नाराजगी जताते हुए उनके एक दिन के वेतन में कटौती के निर्देश दिए गए। सीएमओ ने कार्यालयीन अनुशासन बनाए रखने और समय पर उपस्थित रहने की हिदायत दी।
2. 180 दिन का जीएसटी नियम व्यापारियों के लिए बना सकता है वसूली का आधार
अधिवक्ता भारत सेन ने बताया कि जीएसटी नियम 37 के तहत 180 दिन तक भुगतान न होने पर खरीदार को आईटीसी ब्याज सहित लौटाना पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि एमएसएमई समाधान पोर्टल के जरिए 45 दिन में भुगतान संबंधी शिकायत दर्ज कर राहत प्राप्त की जा सकती है।
3. हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में चला योग जागरूकता अभियान
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के तहत ओम आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज द्वारा हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सहित विभिन्न क्षेत्रों में योग प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षकों ने लोगों को नियमित योग के लाभ बताए और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। यह अभियान 21 जून तक जारी रहेगा।
4. जमन्या पंचायत में निर्माण कार्यों पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
भीमपुर की ग्राम पंचायत जमन्या में बिना ग्रामसभा स्वीकृति के निर्माण कार्य कराने और पुलिया में रेत की जगह डस्ट उपयोग करने का आरोप लगाया गया है। ग्रामीण राजेश यादव ने जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कर तकनीकी जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है।
5. जेईई एडवांस्ड में विनय माकोड़े ने हासिल की ऑल इंडिया रैंक 1697
बैतूल निवासी विनय माकोड़े ने जेईई एडवांस्ड 2026 में एआईआर 1697 प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। मैक्रो विजन अकादमी बुरहानपुर से तैयारी करने वाले विनय अब आईआईटी बॉम्बे या आईआईटी रुड़की में प्रवेश लेकर इंजीनियरिंग क्षेत्र में करियर बनाना चाहते हैं।
6. शादी का झांसा देकर संबंध बनाने का आरोप, पीड़िता पहुंची एसपी कार्यालय
चिचोली क्षेत्र की एक युवती ने युवक पर शादी का वादा कर शारीरिक संबंध बनाने और बाद में विवाह से इनकार करने का आरोप लगाया है। मामले में एफआईआर दर्ज है। पीड़िता ने जांच में पक्षपात और आरोपी को लाभ पहुंचाने के आरोप लगाते हुए एसपी से निष्पक्ष जांच की मांग की है।
7. कांग्रेस की बैठक में संगठन मजबूती पर जोर
बैतूल में आयोजित कांग्रेस की संगठनात्मक बैठक में पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर बूथ स्तर तक संगठन मजबूत करने का संदेश दिया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष सुखदेव पांसे और जिलाध्यक्ष निलय डागा ने भी जनसंपर्क बढ़ाने और संगठन विस्तार पर बल दिया।
8. 40 लाख के अमृत सरोवर निर्माण पर ग्रामीणों ने उठाए गुणवत्ता के सवाल
भैंसदेही के ग्राम धुडियानई में बने अमृत सरोवर को लेकर ग्रामीणों ने शिकायत की है कि निर्माण में तकनीकी मानकों का पालन नहीं किया गया। आरोप है कि मशीनों से दो दिन में कार्य पूरा किया गया और पथरीली भूमि पर बने तालाब में पानी रुकने की संभावना कम है। जांच की मांग की गई है।
9. अग्निवीर बनकर लौटे दो युवाओं का गांव में भव्य स्वागत
भैंसदेही के ग्राम रामघाटी के दयाराम चिचाम और युवराज आहके अग्निवीर प्रशिक्षण पूरा कर गांव लौटे। ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों और पारंपरिक आदिवासी संस्कृति के साथ डेढ़ किलोमीटर लंबी रैली निकालकर दोनों जवानों का सम्मान किया।
10. अवैध पानी उपयोग के आरोप पर शिवसेना का प्रदर्शन
गणेश वार्ड में निर्माणाधीन पानी टंकी के लिए सरकारी बोरवेल से अवैध रूप से पानी लेने का आरोप लगाते हुए शिवसेना ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। संगठन ने मोटर जब्त करने, जुर्माना लगाने और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
11. 8 हजार के कर्ज पर डेढ़ लाख मांगने का आरोप
बोडखी निवासी एफाज खान ने एसपी से शिकायत कर आरोप लगाया है कि बेटी की शादी के लिए लिए गए 8 हजार रुपये के कर्ज के बदले उनसे अत्यधिक राशि की मांग की जा रही है। उन्होंने कर्जदाता पर परिवार को धमकाने और जान से मारने की चेतावनी देने का भी आरोप लगाया है।
12. विकास कार्यों में देरी पर सीएमओ की सख्ती
नगर पालिका सीएमओ नवनीत पांडे ने समीक्षा बैठक में धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों पर नाराजगी जताई। ठेकेदारों को समयसीमा में काम पूरा करने की अंतिम चेतावनी दी गई है। अनुबंध पूरा नहीं करने वालों के खिलाफ ब्लैकलिस्टिंग और सुरक्षा राशि जब्त करने की कार्रवाई की जा सकती है।
13. कालापानी में चिटकोरा आयोजन, कोरकू संस्कृति की झलक
शाहपुर ब्लॉक के ग्राम कालापानी में कोरकू समाज का पारंपरिक सांस्कृतिक कार्यक्रम चिटकोरा आयोजित हुआ। लोकगीत, नृत्य और पारंपरिक वेशभूषा में प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में समाजजन और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।
14. सात साल से भूमि विवाद में न्याय की प्रतीक्षा कर रही महिला
प्रभातपट्टन के ग्राम गौना की 64 वर्षीय कुसुम झरबड़े ने आरोप लगाया है कि प्रशासनिक आदेशों के बावजूद विवादित भूमि से अतिक्रमण नहीं हटाया गया। उन्होंने निष्पक्ष जांच कर मामले का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।
15. एनएचएम कर्मचारियों ने अप्रेजल आदेशों की जलाई होली
नियमितीकरण सहित आठ सूत्रीय मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे एनएचएम कर्मचारियों ने बैतूल में रैली निकालकर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने अप्रेजल आदेशों की प्रतियां जलाकर विरोध जताया और मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर मांगों के जल्द निराकरण की मांग की।
16. प्रभात पट्टन में रक्तदान शिविर, 37 युवाओं ने किया रक्तदान
युवा साहू समाज सेवा संगठन और श्रीराम सेना के संयुक्त तत्वावधान में प्रभात पट्टन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में रक्तदान शिविर आयोजित हुआ। शिविर में 37 युवाओं ने रक्तदान किया। जिला ब्लड बैंक अधिकारी डॉ. अंकिता सीते ने रक्तदान को मानवता की सबसे बड़ी सेवा बताया।