Madhya Pradesh Latest News

घोड़ाडोंगरी दौरे पर सख्त दिखे कलेक्टर, निर्माण कार्यों में लापरवाही पर नोटिस और कार्रवाई के निर्देश

By, वामन पोटे

घोड़ाडोंगरी दौरे पर सख्त दिखे कलेक्टर, निर्माण कार्यों में लापरवाही पर नोटिस और कार्रवाई के निर्देश

बैतूल, 17 जुलाई ।। मध्यप्रदेश के बैतूल जिले में कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शुक्रवार को घोड़ाडोंगरी विकासखंड के हीरापुर, बटकीडोह, बंजारी ढाल और चोपना का दौरा कर विभिन्न विकास कार्यों, शासकीय योजनाओं और जनसुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान निर्माण कार्यों में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए, जबकि ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध निर्देश जारी किए।
ग्राम हीरापुर में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना, नल-जल योजना, मनरेगा और पंचायत संचालन की समीक्षा की। ग्रामीणों से चर्चा के दौरान आवास, पेयजल और मजदूरी भुगतान संबंधी शिकायतें सामने आने पर उन्होंने अधिकारियों को तत्काल समाधान के निर्देश दिए। प्राथमिक शाला के निरीक्षण में अतिरिक्त कक्ष निर्माण में अनावश्यक देरी पाए जाने पर सरपंच, सचिव और रोजगार सहायक को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। वहीं मध्यान्ह भोजन की गुणवत्ता और विद्यालय में नामांकन बढ़ाने पर भी जोर दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हीरापुर में निरीक्षण के दौरान नवपदस्थ चिकित्सक को पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य शिविर आयोजित कर ग्रामीणों की स्क्रीनिंग और स्वास्थ्य परीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रसव सेवाओं, मलेरिया-डेंगू की स्थिति और दवाओं की उपलब्धता की भी समीक्षा की।
बटकीडोह में आयुष्मान आरोग्य मंदिर के निर्माण कार्य की गुणवत्ता में कमियां मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित स्वास्थ्य विभाग के इंजीनियर के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को दिए। उन्होंने जिले के सभी निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुके आयुष्मान आरोग्य मंदिरों का निरीक्षण कर गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
शासकीय हाई स्कूल बटकीडोह में कलेक्टर ने विद्यार्थियों से संवाद कर उन्हें लक्ष्य निर्धारित कर मेहनत करने की सीख दी। उन्होंने अगले 10 दिनों में जिले के सभी स्कूलों में करियर ओरिएंटेशन कार्यक्रम और मोटिवेशनल गतिविधियां आयोजित कराने के निर्देश दिए। विद्यालय की प्रयोगशाला, पुस्तकालय और स्मार्ट क्लास की भी समीक्षा करते हुए आवश्यक ऑनलाइन पाठ्यक्रम उपलब्ध कराने को कहा।
बटकीडोह पंचायत में आयोजित जनसंवाद के दौरान ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बिजली, नशे और समग्र आईडी से जुड़ी समस्याएं रखीं। कलेक्टर ने धरमपुर-बटकीडोह सड़क का प्रस्ताव तैयार करने, दो दिन में समग्र आईडी अपडेट कराने तथा अवैध शराब के खिलाफ पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए। पंचायत में गुणवत्ताहीन टीन शेड निर्माण की शिकायत पर संबंधित उपयंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
बंजारी ढाल प्राथमिक शाला में शिक्षा की गुणवत्ता कमजोर मिलने पर कलेक्टर ने संबंधित सीएसी और शिक्षकों के खिलाफ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। पेयजल व्यवस्था नहीं होने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के सहायक यंत्री (एई) को भी कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानी गंजन सिंह कोरकू के स्मारक पर श्रद्धांजलि अर्पित कर उसके समुचित रखरखाव के निर्देश भी दिए।
चोपना में व्यापारी संघ और नागरिकों से संवाद के दौरान कलेक्टर ने बाजार क्षेत्र के विकास, सड़क चौड़ीकरण, स्ट्रीट लाइट, फायर ब्रिगेड और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि पात्र हितग्राहियों को आयुष्मान भारत, सार्वजनिक वितरण प्रणाली और अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराया जाए।

Leave A Reply

Your email address will not be published.