Madhya Pradesh Latest News

सालबर्डी में कलेक्टर का चौपाल, अवैध शराब और घटिया निर्माण पर सख्ती

By, वामन पोटे

सालबर्डी में कलेक्टर का चौपाल, अवैध शराब और घटिया निर्माण पर सख्ती
बैतूल, 22 जुलाई । बैतूल जिले के प्रभातपट्टन जनपद की दूरस्थ ग्राम पंचायत सालबर्डी पहुंचे कलेक्टर डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने बुधवार को ग्रामीणों के साथ चौपाल लगाकर उनकी समस्याएं सुनीं और विभिन्न विभागों के अधिकारियों को समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा तथा लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत भवन में आयोजित संवाद कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने नल-जल योजना की पाइपलाइन में लीकेज, अवैध शराब बिक्री, स्कूल के समीप शराब दुकान संचालित होने, खराब निर्माण कार्य और पेयजल जैसी समस्याएं कलेक्टर के सामने रखीं। इस पर कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग को पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के निर्देश दिए। वहीं स्कूल के पास संचालित शराब दुकान को शीघ्र हटाने के लिए एसडीएम को कार्रवाई करने को कहा। उन्होंने राजस्व, पुलिस और आबकारी विभाग को संयुक्त अभियान चलाकर अवैध शराब के कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
ग्रामीणों ने ग्राम में नाली निर्माण की खराब गुणवत्ता की शिकायत की, जिस पर कलेक्टर ने नाराजगी जताते हुए जिला पंचायत को सरपंच और सचिव को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप कराए जाएं। साथ ही निर्माणाधीन स्कूल भवन का कार्य तेज करने के लिए संबंधित इंजीनियर को आवश्यक निर्देश दिए।
कलेक्टर ने पंचायत क्षेत्र के सभी पांच स्कूलों में रनिंग वाटर की व्यवस्था सुनिश्चित करने, शौचालयों को उपयोग योग्य बनाए रखने तथा विद्यार्थियों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्कूल परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण कराने और सड़क किनारे हुए अतिक्रमण को हटाने के लिए भी संबंधित अधिकारियों को कार्रवाई करने को कहा।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने सार्वजनिक वितरण प्रणाली, आंगनवाड़ी सेवाओं और स्कूलों में संचालित शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की भी समीक्षा की। ग्रामीणों की मांग पर गांव में पर्याप्त स्ट्रीट लाइट और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मिडिल स्कूल की जर्जर छत की शीघ्र मरम्मत कराने तथा बुजुर्ग सोमती सुखराम की बंद पेंशन को आधार कार्ड बनवाकर तत्काल शुरू कराने के निर्देश भी उन्होंने संबंधित अधिकारियों को दिए।
कलेक्टर डॉ. सोनवणे ने कहा कि सालबर्डी प्राकृतिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थल है। इसे धार्मिक एवं प्राकृतिक पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए समग्र कार्ययोजना तैयार की जाएगी, ताकि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिल सकें। उन्होंने गांव में नियमित साफ-सफाई, प्रमुख स्थानों पर डस्टबिन लगाने और स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए।
इस दौरान एसडीएम राजीव कहार, तहसीलदार यशवंत गिन्नारे सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave A Reply

Your email address will not be published.