एक्सीलेंस बॉयज़ हॉस्टल को अत्याधुनिक रेफ्रिजरेटर की दी सौगात,इंजीनियरों ने निःस्वार्थ भाव से किया रक्तदान
By,वामन पोटे
बैतूल के इंजीनियरों ने परोपकार और समाजसेवा के साथ मनाया इंजीनियर्स दिवस
जिला अस्पताल में आयोजित शिविर में 18 इंजीनियरों ने निःस्वार्थ भाव से किया रक्तदान
एक्सीलेंस बॉयज़ हॉस्टल को अत्याधुनिक रेफ्रिजरेटर की दी सौगात
बैतूल। बुनियादी ढांचा निर्माण करने वाले इंजीनियर जब समाज निर्माण की दिशा में भी कदम बढ़ाते हैं, तो दृश्य कुछ अलग ही होता है। बैतूल में इंजीनियर्स एसोसिएशन ने इंजीनियर्स दिवस 2025 को सेवा, सौहार्द और परोपकार का पर्व बना दिया। इस अवसर पर कार्यक्रम की शुरुआत जिला अस्पताल बैतूल में आयोजित रक्तदान शिविर से हुई, जहां 18 इंजीनियरों ने निःस्वार्थ भाव से रक्तदान किया।
इसके बाद एसोसिएशन के सदस्यों ने सामाजिक दायित्व का निर्वहन करते हुए बैतूल स्थित एक्सीलेंस बॉयज़ हॉस्टल को एक अत्याधुनिक रेफ्रिजरेटर दान किया। इसी कड़ी में, जिला अस्पताल में भर्ती मरीजों और उनके परिजनों के लिए एसोसिएशन द्वारा अंकुरित आहार वितरित किया गया। दिन भर की सेवा और समर्पण के बाद, इंजीनियरों और उनके परिवारों के लिए होटल ग्रीन पार्क में एक रंगारंग सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। इस पारिवारिक मिलन समारोह में संगीत, नृत्य और हास्य की प्रस्तुतियों के साथ आपसी सौहार्द और सामूहिक ऊर्जा का उत्सव मनाया गया। कार्यक्रम ने इंजीनियरों को अपनी कला और भावनाओं को अभिव्यक्त करने का मंच प्रदान किया, जिससे सभी तनावमुक्त और प्रेरित अनुभव कर सके।
इस संपूर्ण आयोजन में जिन प्रमुख अधिकारियों का मार्गदर्शन और सहयोग रहा, उनमें विपिन वामनकर, अधीक्षण यंत्री, जल संसाधन विभाग, सरवन सिंह मरकाम, कार्यपालन यंत्री, ग्रामीण यांत्रिकी सेवा, रोशन सिंह, कार्यपालन यंत्री, जल संसाधन विभाग, अजय तोमर, अनुविभागीय अधिकारी, लोक निर्माण विभाग, भूपेंद्र बघेल, अधीक्षण यंत्री, विद्युत वितरण विभाग तथा श्रीमती सविता राय, सहायक यंत्री, मध्यप्रदेश सड़क विकास निगम (एमपीआरआरडीए) प्रमुख रूप से शामिल रहीं।
यह भी पढ़ें
Comments are closed.