Madhya Pradesh Latest News

पारिवारिक कलह ने छीनी दो ज़िंदगियाँ: डेढ़ साल के मासूम को छोड़ दंपत्ति ने बांध में कूदकर की आत्महत्या

By,वामन पोटे

पारिवारिक कलह ने छीनी दो ज़िंदगियाँ: डेढ़ साल के मासूम को छोड़ दंपत्ति ने बांध में कूदकर की आत्महत्या

बैतूल 27 सितंबर वार्ता।। जिले के मुलताई के ग्राम घाट पिपरिया में शनिवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। पारिवारिक कलह से परेशान दंपत्ति ने अपने डेढ़ वर्षीय मासूम बेटे को सड़क किनारे छोड़कर बुकाखेड़ी बांध में छलांग लगाकर जान दे दी।

घटना कैसे हुई

सुबह करीब नौ बजे शुभम करदाते (25) और उनकी पत्नी रोशनी (24) पैदल ही घर से निकले। रास्ते में शुभम ने अपने मामा मुन्ना परिहार (निवासी हतनापुर) को फोन कर बुकाखेड़ी बांध पर बुलाया। जब तक मुन्ना वहां पहुंचे, तब तक दोनों अपना डेढ़ साल का पुत्र सड़क किनारे छोड़कर पुल से बांध में कूद चुके थे।

रेस्क्यू और पुलिस की कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीईआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद दोनों के शव बांध से बाहर निकाले गए। शवों को मुलताई अस्पताल लाकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया।

चार साल पहले किया था प्रेम विवाह

थाना प्रभारी देव करण डहरिया ने बताया कि शुभम और रोशनी ने लगभग चार साल पहले प्रेम विवाह किया था और उनका डेढ़ वर्षीय पुत्र है। प्रारंभिक जांच में मामला पारिवारिक विवाद का सामने आया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
यह दर्दनाक घटना पूरे इलाके को स्तब्ध कर गई। मासूम बेटे की मासूमियत के बीच मां-बाप का यह कदम लोगों को गहरे सदमे में डाल गया है।

Comments are closed.