Madhya Pradesh Latest News

राम ने चलाया बाण, धधकते ही राख हुए रावण-कुंभकरण के पुतले आतिशबाजी के बीच लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम गूंजा जय श्रीराम के नारों से

By,वामन पोटे

राम ने चलाया बाण, धधकते ही राख हुए रावण-कुंभकरण के पुतले
आतिशबाजी के बीच लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम गूंजा जय श्रीराम के नारों से

बैतूल 2अक्टूबर।। विजयादशमी पर गुरुवार की शाम लाल बहादुर शास्त्री स्टेडियम में असत्य और अन्याय पर सत्य की विजय का अद्भुत दृश्य साकार हुआ। श्री कृष्ण पंजाब सेवा समिति द्वारा आयोजित दशहरा महोत्सव में 55 फीट ऊंचे रावण और 50 फीट ऊंचे कुंभकरण के पुतले का दहन होते ही हजारों की भीड़ जय श्रीराम के नारों से गूंज उठी।
शाम 4 बजे गंज स्थित श्रीकृष्ण मंदिर से शुरू हुआ विजय जुलूस जब डांडिया की थाप और भक्तिमय झांकियों के साथ स्टेडियम पहुंचा, तो माहौल पूरी तरह राममय हो गया। मंच पर राम-रावण युद्ध का सजीव मंचन हुआ। तीरों की झंकार, कलाकारों के दमदार संवाद और रोमांचक युद्ध दृश्य देखकर दर्शक मंत्रमुग्ध हो गए। जैसे ही भगवान श्रीराम ने अंतिम बाण चलाया, पलक झपकते ही रावण और कुंभकरण के पुतले धधकते हुए राख में बदल गए। इस क्षण रंगीन आतिशबाजी से आकाश जगमगा उठा और वातावरण अलौकिक हो गया।
इस बार के पुतले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। इन्हें जलरोधक प्लास्टिक लेमिनेशन से तैयार किया गया था, जिनकी एलईडी से चमकती आंखें और दमकती तलवारें दर्शकों को खूब भाईं।

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

भव्य आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। स्टेडियम और आसपास के इलाकों में चप्पे-चप्पे पर पुलिस जवान तैनात रहे। यातायात के लिए अलग रूट चार्ट बनाया गया, जिससे भारी भीड़ के बावजूद कहीं अव्यवस्था नहीं हुई। वॉच टावर से लगातार निगरानी की जाती रही। समिति के मीडिया प्रभारी राजेश मदान ने बताया कि प्रशासन और पुलिस विभाग के सहयोग से कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।

आज होगा श्रीराम का राजतिलक

दशहरा उत्सव के बाद अब रामलीला मंच पर आज रात 9 बजे भगवान श्रीराम के राजतिलक का मंचन होगा। इस अवसर पर खप्परों से आरती उतारी जाएगी।
बैतूल का यह भव्य दशहरा उत्सव श्रद्धालुओं की स्मृतियों में लंबे समय तक अंकित रहेगा।

Comments are closed.