Madhya Pradesh Latest News

प्रधानमंत्री ने बैतूल की छात्रा त्रिशा तावड़े को किया सम्मानित

By,वामन पोटे

प्रधानमंत्री ने बैतूल की छात्रा त्रिशा तावड़े को किया सम्मानित

राष्ट्रीय मेरिट सूची में नाम दर्ज कर प्रदेश और जिले को किया गौरवान्वित

बैतूल 4 अक्टूबर ।।
बैतूल जिले के लिए गर्व का क्षण तब आया जब शासकीय एकलव्य महिला आईटीआई की प्रतिभाशाली छात्रा कुमारी त्रिशा तावड़े को प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह में सम्मानित किया।
त्रिशा ने सेंट्रल जोन इलेक्ट्रीशियन ट्रेड में 1200 में से 1187 अंक प्राप्त कर राष्ट्रीय मेरिट सूची में प्रथम स्थान हासिल किया है। वह मध्यप्रदेश की एकमात्र छात्रा हैं, जिन्होंने इस सूची में स्थान पाया है।
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने छात्रों के उत्साहवर्धन के साथ-साथ “पीएम सेतु” (प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू अपग्रेडेड आईटीआई) योजना सहित कई नई पहल की शुरुआत की। समारोह में केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री और क्षेत्रीय सांसद श्री दुर्गादास उइके भी उपस्थित रहे।

संघर्ष से सफलता तक त्रिशा की कहानी

त्रिशा बैतूल जिले के ग्राम भड़ूस के एक साधारण परिवार से हैं। उनके पिता श्री अजय तावड़े बस ड्राइवर हैं, जबकि मां श्रीमती सुशीला तावड़े गृहणी हैं। परिवार की बड़ी बहन कुमारी एकता तावड़े भी इसी आईटीआई की टॉपर रह चुकी हैं और वर्तमान में रेलवे में एप्रेंटिस कर रही हैं।
अपने समर्पण, अनुशासन और मेहनत से त्रिशा ने न केवल अपने परिवार का नाम रोशन किया बल्कि पूरे मध्यप्रदेश और बैतूल जिले को गौरवान्वित किया है।

मुख्यमंत्री की मंशा के अनुरूप बेटियों की तरक्की के प्रयास

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप प्रदेश की आईटीआई संस्थाओं में छात्राओं की उन्नति और कौशल प्रशिक्षण के लिए विशेष पहल की जा रही है।
महिला आईटीआई बैतूल में “हुनर पहल” के तहत कम्युनिकेशन स्किल, सॉफ्ट स्किल, इंग्लिश स्पीकिंग, व्यक्तित्व विकास, योग, कराटे, हार्टफुलनेस मेडिटेशन जैसी गतिविधियां नियमित रूप से संचालित की जा रही हैं।
इसके अलावा वाधवानी फाउंडेशन और यूएनएफए के सहयोग से “जीवन तरंग कक्षाएं” चल रही हैं, वहीं ड्यूलिंगो एप के माध्यम से छात्राओं को जर्मन, फ्रेंच और इटालियन भाषाएं सिखाई जा रही हैं, ताकि उन्हें देश-विदेश में रोजगार के अवसर मिल सकें।

कलेक्टर ने भी किया सम्मानित

बैतूल कलेक्टर श्री नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने जिला मुख्यालय में त्रिशा को पुष्पगुच्छ और मिठाई खिलाकर सम्मानित किया। उन्होंने त्रिशा की इस उपलब्धि पर उनके माता-पिता, शिक्षकों और प्राचार्य के मार्गदर्शन की सराहना की।
कलेक्टर ने एकलव्य महिला आईटीआई द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए किए जा रहे नवाचारों की प्रशंसा करते हुए जिले में 100% महिला प्रवेश पूर्ण करने के लिए भी संस्था को बधाई दी।
इस अवसर पर कौशल विकास विभाग के संचालक श्री गिरीश शर्मा, अतिरिक्त संचालक श्री डी.एस. ठाकुर, उप संचालक श्री आर.के. ऑस्टिन, संस्था प्राचार्य श्री रेवाशंकर पंडाग्रे सहित समस्त स्टाफ ने छात्रा को बधाई दी।

संस्थान का शानदार प्रदर्शन जारी

महिला आईटीआई बैतूल ने पिछले वर्षों में भी कई राष्ट्रीय उपलब्धियां हासिल की हैं।

सत्र 2022–23 में छात्रा खुशबू पवार ने वर्ल्ड स्किल कंपटीशन में ब्रॉन्ज मेडल जीता था।

सत्र 2021–22 में फ्लोरीकल्चर ट्रेड के छात्र रवि कुमरे ने राष्ट्रीय स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त किया था।

वहीं अंकिता मसाने ने ऑफिस असिस्टेंट ट्रेड में प्रदेश में प्रथम स्थान पाया था।

संस्थान के प्लेसमेंट ऑफिसर श्री विवेक दायमा के अनुसार, बीते वर्ष 85 से अधिक छात्राएं फॉक्सकॉन, विस्ट्रॉन, आयशर मोटर्स जैसी प्रतिष्ठित कंपनियों में चयनित हुई थीं। इस वर्ष भी 45 छात्राएं टाटा इलेक्ट्रॉनिक्स (होसुर, तमिलनाडु) और 9 छात्राएं प्रतिभा सिंटेक्स (पीथमपुर) में रोजगार हेतु गई हैं।

जिले की बेटियों ने रचा नया इतिहास

एकलव्य महिला आईटीआई बैतूल की लगातार सफलताएं इस बात का प्रमाण हैं कि सही दिशा और प्रशिक्षण मिलने पर ग्रामीण अंचल की बेटियां भी राष्ट्रीय स्तर पर चमक सकती हैं
त्रिशा तावड़े की यह उपलब्धि आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणास्रोत बनेगी।

Comments are closed.