मुख्यमंत्री डॉ. यादव बोले — छिंदवाड़ा प्रकरण में सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं — दो औषधि निरीक्षक निलंबित, ड्रग कंट्रोलर का तबादला
By,वामन पोटे
मुख्यमंत्री डॉ. यादव बोले — छिंदवाड़ा प्रकरण में सभी दोषियों पर कठोर कार्रवाई होगी
मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं — दो औषधि निरीक्षक निलंबित, ड्रग कंट्रोलर का तबादला
भोपाल 6 अक्टूबर।।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि छिंदवाड़ा प्रकरण में दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि मानव जीवन की सुरक्षा से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मामले में औषधि निरीक्षक गौरव शर्मा (छिंदवाड़ा) और शरद जैन (जबलपुर), उप संचालक खाद्य एवं औषधि प्रशासन शोभित कोस्टा को निलंबित किया गया है, जबकि ड्रग कंट्रोलर दिनेश मौर्य का तबादला किया गया है।
मुख्यमंत्री ने सोमवार को निवास पर उच्च स्तरीय बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोल्ड्रिफ सिरप के विक्रय पर प्रतिबंध लगाया जाए और दुकानों में उपलब्ध स्टॉक को तुरंत जब्त किया जाए। जिन घरों में यह दवा पहुंची है, वहां से उसे रिकवर करने अभियान चलाया जाए। इसके लिए आशा-ऊषा कार्यकर्ताओं और प्रशासनिक अमले की मदद ली जाए।
डॉ. यादव ने निर्देश दिए कि चार वर्ष से कम उम्र के बच्चों को कॉम्बिनेशन ड्रग देने की मनाही का पालन न करने वाले डॉक्टरों पर भी सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने चिकित्सक संगठनों और केमिस्ट एसोसिएशन के सहयोग से जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए।
बैठक में बताया गया कि प्रभावित मरीजों की पहचान के लिए छिंदवाड़ा में सर्वे शुरू किया गया है। आठ मरीजों के सैंपल पुणे प्रयोगशाला भेजे गए हैं। दवाओं के सैम्पल की जांच की जा रही है और जरूरत पड़ने पर मरीजों को नागपुर मेडिकल कॉलेज भेजा जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि तमिलनाडु की निर्माता कंपनी पर भी कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को जानकारी भेजी गई है। वहीं, ड्रग कंट्रोलर जनरल ऑफ इंडिया और तमिलनाडु, हिमाचल प्रदेश के ड्रग कंट्रोलर्स को भी सूचित किया गया है। रिपोर्ट में सिरप के नमूने अमान्य पाए जाने पर प्रदेशभर में इसकी बिक्री पर प्रतिबंध लगाया गया है।
बैठक में उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल, स्वास्थ्य राज्यमंत्री नरेन्द्र पटेल, मुख्य सचिव अनुराग जैन और प्रमुख सचिव स्वास्थ्य संदीप यादव सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
Comments are closed.