जहरीला कफ सिरप कांड: श्रीसन फार्मा के मालिक रंगनाथन गिरफ्तार, 20 मासूमों की मौत से मचा हड़कंप
By,वामन पोटे
जहरीला कफ सिरप कांड: श्रीसन फार्मा के मालिक रंगनाथन गिरफ्तार, 20 मासूमों की मौत से मचा हड़कंप
बैतूल/छिंदवाड़ा।।
मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में जहरीले कफ सिरप से हुई 20 बच्चों की दर्दनाक मौतों के बाद मामला पूरे देश में सनसनी बन गया है। इस हृदयविदारक घटना के बाद गुरुवार तड़के बड़ी कार्रवाई करते हुए एमपी पुलिस ने आरोपी दवा निर्माता कंपनी श्रीसन फार्मा के मालिक जी रंगनाथन (75 वर्ष) को चेन्नई से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपाधीक्षक जितेंद्र जाट के नेतृत्व में सात सदस्यीय टीम ने रंगनाथन को चेन्नई के कोडंबक्कम इलाके में स्थित उनके अपार्टमेंट से आधी रात करीब 12:30 बजे पकड़ा। गिरफ्तारी के बाद उन्हें कांचीपुरम जिले ले जाया गया, जहां उनकी कंपनी का उत्पादन केंद्र है। अधिकारियों के अनुसार, शुरुआती जांच में कंपनी द्वारा निर्मित ‘कोल्ड्रिफ कफ सिरप’ के नमूनों में घातक रासायनिक पदार्थ डायथिलीन ग्लाइकॉल (48.6%) पाया गया है, जो औद्योगिक उपयोग में आने वाला जहरीला केमिकल है।
चेन्नई स्थित सरकारी औषधि प्रयोगशाला की रिपोर्ट में सिरप को “मानक गुणवत्ता का नहीं” बताया गया। रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से कहा गया कि यह मिलावटी और स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक है। इसके सेवन से बच्चों की किडनी फेल हो रही थी, जिसके चलते मध्य प्रदेश में अब तक 20 बच्चों की मौत और 5 बच्चे गंभीर हालत में उपचाराधीन हैं।
मृतकों में 17 बच्चे छिंदवाड़ा, 2 बैतूल और 1 पांढुर्णा क्षेत्र का बताया गया है। इस दुखद घटना के बाद राज्य सरकार ने तत्काल प्रभाव से कोल्ड्रिफ कफ सिरप की बिक्री और वितरण पर प्रतिबंध लगा दिया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि सरकार दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शेगी नहीं। उन्होंने बताया कि बच्चों की मौतों के लिए जिम्मेदार सभी व्यक्तियों और संस्थाओं के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस कांड ने देशभर में घटिया और मिलावटी दवाओं के उत्पादन पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब कंपनी के उत्पादन नेटवर्क, सप्लाई चेन और वितरकों की भूमिका की जांच कर रही है।
यह मामला सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि मानवता के खिलाफ अपराध माना जा रहा है।
Comments are closed.