Madhya Pradesh Latest News

बैतूल में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल — पटवारी का प्रदर्शन राजनीतिक स्टंटबाजी और अन्न देवता का अपमान

By ,वामन पोटे

बैतूल में बोले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल — पटवारी का प्रदर्शन राजनीतिक स्टंटबाजी और अन्न देवता का अपमान
बैतूल, 15 अक्टूबर।। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने बुधवार शाम बैतूल में एक मोबाइल शो रूम के उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि केंद्रीय कृषि मंत्री के आवास के सामने सड़क पर अन्न फैलाकर किया गया पटवारी का प्रदर्शन न केवल “राजनीतिक स्टंटबाजी” है, बल्कि “अन्न देवता का अपमान” भी है।
खंडेलवाल ने कहा कि किसी जिम्मेदार नेता से ऐसी हरकत की उम्मीद नहीं की जा सकती। बिना किसी पूर्व सूचना या अनुमति के पटवारी केंद्रीय कृषि मंत्री के घर पहुंचे और सड़क पर अन्न फैलाकर प्रदर्शन किया। यह साफ दर्शाता है कि उनका उद्देश्य किसानों की समस्याओं को उठाना नहीं बल्कि केवल राजनीतिक लाभ लेना था। उन्होंने कहा कि पटवारी सोयाबीन की बात करते हैं लेकिन प्रदर्शन में गेहूं लेकर पहुंचे, जिससे स्पष्ट है कि उन्हें विषय की जानकारी ही नहीं और वे केवल कैमरों के सामने नाटक कर रहे हैं।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय कृषि मंत्री किसानों के हित में अनेक ऐतिहासिक कदम उठा चुके हैं। फसल बीमा योजना, न्यूनतम समर्थन मूल्य में वृद्धि, सिंचाई परियोजनाओं का विस्तार और कृषि अवसंरचना फंड जैसी योजनाओं से किसानों की स्थिति में बड़ा सुधार आया है। भाजपा सरकार ने सदैव किसान को राष्ट्र की रीढ़ माना है और उनकी आय दोगुनी करने का संकल्प लिया है।
खंडेलवाल ने कांग्रेस पर तंज कसते हुए कहा कि जब प्रदेश में कांग्रेस की सरकार थी, तब किसानों के हित में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कर्जमाफी के नाम पर किसानों को धोखा दिया गया। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार किसानों के सम्मान, आत्मनिर्भरता और प्रगति के लिए समर्पित है, जबकि कांग्रेस केवल फोटो खिंचवाने और सुर्खियां बटोरने की राजनीति कर रही है।

Comments are closed.