Madhya Pradesh Latest News

शहीद दिवस पर श्रद्धा और गौरव का संगम: बैतूल में शानदार परेड, शहीद परिवारों को किया गया सम्मानित

By,वामन पोटे

शहीद दिवस पर श्रद्धा और गौरव का संगम: बैतूल में शानदार परेड, शहीद परिवारों को किया गया सम्मानित

बैतूल 21 अक्टूबर ।।
जिला पुलिस मुख्यालय बैतूल में मंगलवार को शहीद दिवस के अवसर पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में जिला सत्र न्यायाधीश श्री दिनेश चंद्र थपलियाल उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन ने की। समारोह में जिला सैनिक कल्याण बोर्ड, आदिम जाति विकास विभाग के अधिकारी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी, एसडीओपी बैतूल श्री सुनील लाटा, रक्षित निरीक्षक श्री दिनेश मर्सकोले, थाना प्रभारी कोतवाली श्री सत्य प्रकाश सक्सेना, थाना प्रभारी गंज श्री नीरज पाल, यातायात प्रभारी श्री गजेंद्र केन सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में मौजूद रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर शहीद पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों को श्रद्धांजलि देने के साथ हुई। इसके बाद पुलिस बल ने शोक शस्त्र के साथ सलामी दी और शानदार टर्न आउट के साथ प्रभावशाली परेड का आयोजन किया गया। पुलिस बैंड द्वारा बजाई गई शोक धुन ने पूरे माहौल को भावनात्मक बना दिया।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री वीरेंद्र जैन ने कहा कि—

“शहीद हमारे गौरव का प्रतीक हैं। उन्होंने अपने कर्तव्य पालन में सर्वोच्च बलिदान दिया है। उनकी सेवा भावना हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। हर पुलिसकर्मी को उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए समाज की सुरक्षा और न्याय की रक्षा में समर्पित रहना चाहिए।”

समारोह में शहीद हुए पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के परिजनों को साल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया। सभी अधिकारियों ने शहीद परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और आश्वासन दिया कि पुलिस विभाग सदैव उनके साथ खड़ा रहेगा। कार्यक्रम के सफल संचालन में रक्षित निरीक्षक श्री दिनेश मर्सकोले एवं यातायात प्रभारी श्री गजेंद्र केन सहित पुलिस बल का विशेष सहयोग रहा।

Comments are closed.